- बिहार के छपरा में 4 जून की रात एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसने लगा
- अमोनिया गैस के रिसाव से कई लोगों को उल्टी, आंखों में जलन और सांस लेने में समस्या होने लगी
- सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने केमिकल छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया
बिहार के छपरा शहर में कल, गुरुवार 4 जून की रात एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसने लगा. इसके असर से आस-पास के लोगों को कई तरह की तकलीफ होने लगी और हड़कंप मच गया. कई लोगों को उल्टी होने लगी, कई लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में समस्या होने लगी. सूचना मिलते ही प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रित किया गया. लेकिन वहां मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि जब गैस रिसाव शुरू हुआ तो कोल्ड स्टोरेज के प्रबंधक ने उनकी शिकायतों पर ध्यान देने की जगह धौंस जमाना शुरू कर दिया.
अमोनिया गैस रिसने के बाद अफरा-तफरी
छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के साढा स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में देर रात अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया. गैस के प्रभाव से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और घुटन की शिकायत हुई. स्थानीय निवासी नागू देवी ने कहा,"मेरी आंखों में तेज जलन होने लगी. गला सूखने लगा."

कई लोगों को एंबुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया
Photo Credit: NDTV
गैस के असर से कुछ लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. सभी की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है.
एक और स्थानीय निवासी सत्यनारायण चौधरी ने कहा,"रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हम लोग खाना खाने की तैयारी कर रहे थे. तभी जोर की आवाज हुई और उसके बाद गैस निकलने लगी. हमें भागने तक का मौका नहीं मिला. मेरे भाई, भाभी और बेटी को उल्टी होने लगी."
मैनेजर ने भगा दिया
उन्होंने कहा कि स्थिति बिगड़ती देख लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. मोहल्ले के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. सत्यनारायण चौधरी ने कहा,"जब हमने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजरों से शिकायत की तो उन्होंने हमें ये कहते हुए भगा दिया कि जब से तुम्हारा घर नहीं था, तब से मेरा स्टोरेज यहां है. तुम्हारी पैदाइश नहीं है तब से चल रहा है."

स्थानीय निवासी सत्यनारायण चौधरी ने स्थिति की जानकारी दी
Photo Credit: NDTV
केमिकल का छिड़काव
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एहतियात के तौर पर कोल्ड स्टोरेज को तत्काल बंद करा दिया गया और आसपास के क्षेत्र में केमिकल तथा पानी का छिड़काव शुरू कराया गया, ताकि गैस के प्रभाव को कम किया जा सके.
कोल्ड स्टोरेज को किया बंद
गैस रिसाव की इस घटना ने कोल्ड स्टोरेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन मामले की जांच में जुटा है. छपरा के SDO नितेश कुमार ने बताया,"कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं थे. इसे देखते हुए फिलहाल कोल्ड स्टोरेज को बंद कर दिया गया है अब आगे जांच पड़ताल की जा रही है कि इसे लाइसेंस कैसे मिला."
ये भी पढ़ें-: क्लास में आरोपियों की पहचान कराते दिखे खान सर, बोले- KGS बंद हुआ तो 6 महीने में आसमान छू जाएगी फीस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं