- बिहार में शाहिद अख्तर नामक युवक को व्हाट्सऐप पर संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है
- प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने विदेश में बैठे संदिग्ध लोगों के साथ अपने संपर्क होने की बात स्वीकार की है
- जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी का नेटवर्क पाकिस्तान और अन्य पड़ोसी देशों से जुड़ा हो सकता है
बिहार के पूर्णिया जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. उस पर आरोप है कि वह व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से देश और विदेश में बैठे संदिग्ध लोगों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहन पड़ताल में जुट गई हैं. अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला निवासी शाहिद अख्तर के रूप में हुई है. खुफिया ब्यूरो (आईबी) ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया. पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच कई स्तरों पर की जा रही है.
विदेशी संपर्कों की जांच
पूर्णिया सदर के एसडीपीओ अभिनव पाराशर के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने विदेश में बैठे कुछ लोगों के साथ संपर्क होने की बात स्वीकार की है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान समेत कई पड़ोसी देशों और भारत के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हो सकते हैं.
कट्टरपंथी संगठन से जुड़े होने का संदेह
सूत्रों के अनुसार शाहिद वर्ष 2025 से एक कथित इस्लामी कट्टरपंथी संगठन के संपर्क में था और उसकी गतिविधियां सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में थीं. हालांकि एजेंसियां अभी इस संबंध में विस्तृत जांच कर रही हैं.
NIA और STF भी जांच में शामिल
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम भी जांच में शामिल हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से मिले डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संवेदनशील सूचनाएं किन लोगों तक पहुंचाई गईं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.
यह भी पढ़ें | बिहार के सभी पंचायतों में जीविका दीदी शुरू करेंगी सुधा केंद्र, मिलेंगे 60000 रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं