विज्ञापन

क्लास में आरोपियों की पहचान कराते दिखे खान सर, बोले- KGS बंद हुआ तो 6 महीने में आसमान छू जाएगी फीस

2 जून को पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर 15-20 लोगों ने तोड़फोड़ करते हुए फायरिंग की थी. इसी मामले में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं. अब खान सर के नए वीडियो को देख लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं. जानें वीडियो में वे क्या कह रहे हैं...

क्लास में आरोपियों की पहचान कराते दिखे खान सर, बोले- KGS बंद हुआ तो 6 महीने में आसमान छू जाएगी फीस
बच्चों से भी क्लास में CCTV दिखाकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए खान सर की तस्वीर.
NDTV Reporter

Patna News: फेमस यूट्यूबर टीचर खान सर (Faisal Khan) अपनी क्लास में पढ़ाई कराने के बजाय अब छात्रों को CCTV फुटेज दिखाकर उनसे आवाज उठाने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं. वे बच्चों के सामने किताब हाथ में लेकर विद्या की कसम खाते हुए कह रहे हैं कि उनकी कोचिंग पर हुए हमले की जांच ठीक से नहीं की जा रही है. अगर ऐसा ही रहा तो खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) बंद हो जाएगा, और जिस दिन ऐसा होगा, उसके ठीक 6 महीने के अंदर कोचिंग की फीस एक-डेढ़ लाख रुपये पर पहुंच जाएगी.

'हमने फीस का स्टैंडर्ड सेट किया हुआ है...'

खान सर का कहना है कि आज वे कम फीस लेकर एक स्टैंडर्ड सेट किए हुए हैं. बाकी कोचिंग वाले उन्हें देखकर अपनी फीस तय करते हैं कि खान सर इतना ले रहे हैं, हम इससे ज्यादा नहीं ले सकते, वरना बच्चे पढ़ने नहीं आएंगे. खान सर का कहना है कि उनका उद्देश्य पैसा कमाना नहीं है. लेकिन जिस से सबकुछ चल रहा है, वो ठीक नहीं है.

'विकास त्यागी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ'

वीडियो में खान सर मार्कर से स्क्रीन पर लोगों की पहचान बताते कहते हैं कि इसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है. यह विकास त्यागी है, जो गार्ड को यहां से लेकर गया था और उजली शर्ट वाला व्यक्ति अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है. सिर्फ मुद्दे से भटकाया जा रहा है. उन्होंने पटना पुलिस ने तुरंत इस शख्स को गिरफ्तार करने की अपील की है.

'बच्चों की चिंता या कोचिंग बंद होने की...'

हालांकि मुख्य सवाल खान सर के टीचर से जांच अधिकारी बनने पर भी उठ रहा है. लोग पूछ रहे हैं कि हजारों छात्रों से भरे क्लासरूम में पढ़ाई होनी चाहिए या फिर हमले की जांच का लाइव विश्लेषण? लोगों का कहना है कि क्या खान सर छात्रों के हितों की चिंता जता रहे हैं, या फिर उन्हें अपने संस्थान के भविष्य को लेकर चिंता सताने लगी है.

खान सर के दो बॉडीगार्ड पुलिस ने पकड़े

ऐसे सवाल इसीलिए उठ रहे हैं क्योंकि बिहार पुलिस ने खान सर की कोचिंग के ही दो सुरक्षा गार्डों को कथित फायरिंग के आरोप में हिरासत में लिया है और अब खान सर पर भी पूछताछ की तलवार लटक रही है. वहीं इस मामले में गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदू के डायरेक्टर रोशन कुमार को छुड़ाने के लिए छात्र लंब कैंडल मार्च निकाल रहे हैं. अब देखना होगा कि इस मामले में आगे और क्या नया खुलासा होता है.

ये भी पढ़ें:- झूठी अफवाह क्यों फैलाई, गार्ड को गोली चलाने किसने कहा? इन 5 सवालों के घेरे में खान सर, इस बार बढ़ी मुश्किलें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khan Sir News, Khan Global Coaching Institute Attack, Patna News, Bihar News, CCTV
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com