- राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए विधायकों की तीन दिवसीय बैठक उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर होगी.
- बैठक में बीजेपी के पर्यवेक्षक विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहेंगे.
- बिहार विधानसभा में एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं, जिससे वे चार सीटें आसानी से जीत सकते हैं.
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर NDA विधायकों की 3 दिवसीय बैठक शुरू होगी. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और अख्तरुल ईमाम की मुलाकात के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ने पर एनडीए के नेता अब सक्रिय दिख रहे हैं. पहली बैठक उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर हो रही है, जहां विधायकों के आने का सिलसिला जारी है और सभी को अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं.
इसके बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी के आवास पर बैठक होगी, जबकि अंतिम दिन रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर चर्चा होगी. सभी बैठकों में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहेंगे.
दरअसल, बिहार में राज्यसभा की 1 सीट के लिए तेजस्वी यादव भी पूरा जोर लगा रहे हैं. बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता लगातार महागठबंधन के दलों, एआईएमआईएम और बीएसपी के नेताओं के संपर्क में हैं. उन्होंने सभी नेताओं की बैठक बुलाई थी. खबर ये भी है कि आई.पी. गुप्ता के पाला बदलने की संभावना लगभग खत्म मानी जा रही है.
एक राज्यसभा सीट के लिए क्या गणित है?
बिहार में एक राज्यसभा सीट के लिए 41 वोटों की आवश्यकता होती है. बिहार विधानसभा में कुल 243 विधायक हैं, जिनमें से एनडीए के पास 202 विधायक हैं. यानी एनडीए चार सीटें आसानी से जीत सकता है. इसके बाद भी एनडीए के पास 38 वोट बच जाते हैं और 5वीं सीट की जीत के लिए उन्हें केवल 3 और वोटों की जरूरत होगी.
विपक्ष के पास भी कुल 41 वोट हैं. महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं, जबकि एआईएमआईएम के पास 5 और बीएसपी के पास 1 विधायक है. यदि ये सभी एकजुट रहे और आरजेडी के उम्मीदवार अमरेन्द्र धारी सिंह को वोट दें, तो आरजेडी का उम्मीदवार जीत सकता है.
तेजस्वी और अख्तरूल ईमान की बैठक में क्या हुई बात?
एआईएमआईएम के बिहार अध्यक्ष अख्तरूल ईमान और तेजस्वी यादव की बैठक के बाद एआईएमआईएम ने आरजेडी उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. अंदर की खबर यह है कि तेजस्वी यादव ने एआईएमआईएम को एक विधान परिषद सीट देने का वादा किया है. दिल्ली में भी ओवैसी महागठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कह चुके हैं.
ये भी पढ़ें : फरमान के साथ शादी से बढ़ी 'मोनालिसा' की मुश्किलें, ससुर बोले- घर में घुसने नहीं देंगे, पिता पहले से नाराज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं