विज्ञापन

'पुलिस मरे तो ठीक, एनकाउंटर करे तो गलत?' भरत तिवारी मामले पर खुलकर बोले जीतन राम मांझी

भोजपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सही ठहराया है. उन्होंने सत्ता और विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

'पुलिस मरे तो ठीक, एनकाउंटर करे तो गलत?' भरत तिवारी मामले पर खुलकर बोले जीतन राम मांझी
भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सही ठहराया. (Photo-NDTV))

भोजपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है. इसी कड़ी में जहानाबाद पहुंचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा और बेबाक बयान दिया है. केंद्रीय मंत्री ने भोजपुर एनकाउंटर को पूरी तरह सही ठहराते हुए सत्ता और विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

जीतन राम मांझी ने साफ शब्दों में कहा, 'मैं इस एनकाउंटर को पूरी तरह जस्टिफाई मानता हूं. उन्होंने मृतक के परिवार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह मानसिक रूप से विक्षिप्त था, तो उसके हाथ में रिवॉल्वर क्यों थी? परिवार वालों ने उससे रिवॉल्वर क्यों नहीं छीनी? इसका मतलब परिवार के लोगों ने उसे जानबूझकर उकसाया.

पुलिस पर हमलों को लेकर जताई चिंता

केंद्रीय मंत्री ने हाल के दिनों में पुलिस पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए कहा, 'आए दिन पुलिस पर हमले हो रहे हैं, उन्हें पीटा जा रहा है. अगर वहां दो पुलिसकर्मी मारे जाते तो क्या वो ठीक होता? पुलिस मारे तो ठीक, और पुलिस एनकाउंटर करे तो खराब? उन्होंने दोटूक कहा कि अगर कोई पुलिस पर पिस्टल तानेगा, तो पुलिस एनकाउंटर करेगी ही और इसमें कुछ भी गलत नहीं है.

न्यायिक जांच पर क्या बोले मांझी?

नेताओं की बयानबाजी और जांच के सवाल पर मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस मामले की न्यायिक जांच करा रहे हैं, जिसके लिए वे उन्हें धन्यवाद देते हैं. जब जांच एजेंसी अपना काम कर रही है, तो जांच के बाद जो भी फलाफल आएगा, तब देखा जाएगा.

राबड़ी देवी के जंगलराज वाले बयान पर पलटवार

बिहार में जंगलराज की वापसी के विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने उनके शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि राबड़ी देवी जंगलराज इसलिए कह रही हैं क्योंकि उन्होंने खुद अपने शासनकाल में बिहार में असल जंगलराज कायम किया था.

'मुख्यमंत्री आवास में बैठकर तय होती थी फिरौती की रकम'

मांझी ने कहा कि वह ऐसा दौर था जब मुख्यमंत्री आवास में बैठकर फिरौती की रकम तय की जाती थी. डॉक्टरों और इंजीनियरों से कहा जाता था कि तुमने बहुत कमाया है, पैसे दे दो, लड़के भूखे हैं. आज किसी की हिम्मत नहीं है कि मुख्यमंत्री आवास में आकर ऐसी बातें करे.

'जो गलत करेगा, उसे अंजाम भुगतना होगा'

वहीं जीतन राम मांझी ने स्पष्ट किया कि राजनीति में कई तरह की बातें चलती रहती हैं, लेकिन वे राजनीति नहीं बल्कि वास्तविकता की बात करते हैं. जो गलत करेगा, उसे अंजाम भुगतना होगा. आज के बिहार में जो गलत कर रहा है, वह पुलिस का सामना कर रहा है.

ये भी पढ़ें-  नीतीश को फिर JDU की कमान, निशांत को बड़ी जिम्मेदारी, बैठक में कई फैसले पर लगी मुहर

लेखक के बारे में
img
Mukesh Kumar
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Hindi News, Jitan Ram Manjhi, Jitan Ram Manjhi Interview, Hindi News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com