मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने पत्नी-बेटे के सामने ही आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी, और मौके से फरार हो गए. सूचना पर कई थानों के पुलिस के साथ सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और कई डीएसपी मौके पर पहुंचे. एसटीएफ और SIT की टीम भी मौके पर पहुंची. पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.
घर के पास लूट का प्रयास
दीपक कुमार शाह की कच्ची-पक्की ओपी थाना क्षेत्र के माधोपुर हाट पर ज्वेलरी की दुकान है. सोमवार शाम दुकान को बंद करके घर जा रहे थे. घर भी दुकान से 5 सौ मीटर की दूरी पर है. दीपक घर के सामने पहुंचे, तभी बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उनसे आभूषण लूटने का प्रयास किया. वे अपराधियों से भिड़ गए.
पत्नी-बेटे ने मचाया शोर
दीपक की पत्नी और बेटा ने देखा तो जोर-जोर से चिल्लाने लगे. लुटेरों को लगा कि अब वे फंस जाएंगे तो दीपक को गोली मार दी. बदमाशों के चप्पल, टोपी और हथियार भी वहीं छूट गए. परिजन दीपक कुमार को अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
NDTV को बताई आंखों देखा हाल
दीपक कुमार शाह के बेटे धीरज कुमार ने बताया कि वह अपने घर पर था, और उसके पिता रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर आ रहे थे. घर के सामने ही कुछ अपराधियों ने उनसे आभूषण लूटने की कोशिश की. जिसका उनके पिता ने विरोध किया. काफी देर तक अपराधियों और उनके पिता के बीच झड़प होती रही. जैसे ही धीरज की नजर अपने पिता पर पड़ी. धीरज दौड़ता हुआ अपने पिता की तरफ आया.
अपराधियों को जैसे ही लगा कि वह लूट में असफल हो गए, वैसे ही दीपक कुमार शाह पर गोलियां बरसाते हुए फरार हो गए. भागने के दौरान अपराधियों का पिस्टल, चप्पल और टोपी मौके पर ही गिर गया.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी.पुलिस मौके पर पहुंच कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें: बिहार में सिक्योरिटी पॉलिटिक्स! अब तेज प्रताप ने लिया बड़ा फैसला, सम्राट सरकार को दी चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं