अब बिहार की खूबसूरती को आसमान से निहारने का सपना सच होने जा रहा है. राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 की शुरुआत करने जा रही है. आज यानी 13 जुलाई से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई से नियमित उड़ानें संचालित होंगी. पटना से वाल्मीकि नगर, कैमूर और राजगीर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल घूमने के लिए लोग हवाई सफर का आनंद ले सकेंगे. खास बात ये है कि सरकार प्रति टिकट पर यात्रियों को भारी सब्सिडी भी दे रही है, जिसकी मदद से लोग कम किराए में हेलीकॉप्टर में रोमांचक एरियल टूर का लुत्फ उठा सकेंगे.
शनिवार-रविवार उपलब्ध होंगी सेवा
योजना के पहले चरण में पश्चिम चंपारण का वाल्मीकि नगर, कैमूर का मां मुंडेश्वरी मंदिर और नालंदा का राजगीर शामिल किए गए हैं. इस योजना का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना, पर्यटन से होने वाली आय बढ़ाना और बिहार को देश के प्रमुख हेली-टूरिज्म केंद्रों में शामिल करना है. योजना के तहत पटना से वाल्मीकिनगर, राजगीर और कैमूर के लिए प्रत्येक शनिवार और रविवार को हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित होंगी.

कितना होगा किराया?
सरकार यात्रियों को प्रति सीट पर भारी सब्सिडी दे रही है. पटना से वाल्मीकि नगर का किराया 5,000 रुपये, पटना से कैमूर का 6,000 रुपये और पटना से राजगीर का किराया 4,000 रुपये रखा गया है. जानकारी के लिए बता दें कि प्रति सीट असली लागत लगभग 17,522 रुपये है. बाकी राशि सरकार अनुदान के रूप में वहन करेगी.
पटना में हेलीकॉप्टर जॉय राइड का भी मौका
हेली-टूरिज्म सेवा के अलावा पर्यटकों को पटना शहर का हवाई नजारा दिखाने के लिए हेलीकॉप्टर जॉय राइड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इसके तहत 10 मिनट का एरियल टूर कराया जाएगा. इसके किराए की बात करें तो इसका किराया 2,100 रुपये प्रति सीट रखा गया है. इस सेवा पर भी सरकार करीब 15,422 रुपये प्रति सीट का अनुदान दे रही है.
यह भी पढ़ें: 80 की उम्र में महिला का गजब हौसला, दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास तक किया सफर
यह भी पढ़ें: जुलाई खत्म होने से पहले बना लें प्लान, कॉन्सर्ट से लेकर कॉमेडी तक...इन इवेंट्स को मिस न करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं