- पटना में जेडीयू विधायक अनंत सिंह के आवास के पास गुरुवार सुबह एक संदिग्ध शव मिला है.
- शव पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पटना पुलिस जांच में जुटी है.
- पटना के सचिवालय थाना इलाके का यह मामला बताया जा रहा है. पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित बंगले पर गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया. क्योंकि यहां संदिग्ध हालत में एक युवक का शव मिला है. जिसके चेहरे पर चोट के निशान भी थे. घटना की जानकारी मिलते ही पटना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अनंत सिंह के आवास और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों खंगाल रही है. क्योंकि यह इलाका पटना का हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है. ऐसे में यहां एक विधायक के आवास के पास संदिग्ध स्थिति में शव मिलने फिलहाल पुलिस अलर्ट पर है.
पटना का वीवीआईपी इलाका
जेडीयू विधायक अनंत सिंह का सरकारी बंगला पटना के वीवीआईपी सचिवालय इलाके में स्थित है. यहां पुलिस का पहरा भी रहता है. यहां गेट नंबर 15 के पास युवक का शव मिला है. जो बिल्कुल अनंत सिंह के आवास के पास है. मृतक युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच में बताई जा रही है. सचिवालय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला हत्या के बाद शव यहां फेकने का लग रहा है. जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के असली कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल मामले की सभी तरह से जांच कर रहे हैं और यहां के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं.
पटना, बिहार: JDU विधायक अनंत सिंह के घर के पास संदिग्ध हालात में एक शव मिला। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। pic.twitter.com/TN9Fob6Qoz
— IANS Hindi (@IANSKhabar) July 9, 2026
जांच में जुटी पटना पुलिस
युवक की पहचान भी अब तक नहीं हुई है. शव गुरुवार की सुबह मिला है. ऐसे में यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि शव सुबह-सुबह फेंका गया है या फिर यह रात की घटना है. पास में अनंत सिंह का आवास होने की वजह से भी पुलिस अलर्ट पर है. एफएसएल की टीम भी मौके पर मौजूद है और बारीकी से जांच में जुटी है. पूरी जानकारी सामने आने के बाद पटना पुलिस मामले की जानकारी देगी.
ये भी पढ़ेंः बिहार में Toll Tax को लेकर बड़ा बदलाव, प्राइवेट गाड़ियां फ्री, इन वाहनों से होगी अब वसूली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं