पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड कर दिया गया है. मामला बिहार के सीवान का है. जहां बीते दिनों प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से फायरिंग की गई थी. इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. सीवान में जिस दिन ये घटना हुई उस दिन गोली लगने से तीन प्रदर्शनकारी घायल हुए थे, जिनका इलाज चल रहा है. अब पुलिस के वरीय अधिकारियों ने बताया कि एके-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है. मालूम हो कि AK-47 से फायरिंग करते वायरल वीडियो पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए थे.
सीवान में प्रदर्शन के दौरान हिंसा में 3 छात्रों को गोली लगी थी. पुलिस मान रही है कि इनमें से एक छात्र को पुलिस की गोली लगी थी. 2 छात्रों को कैसे गोली लगी, इसकी जांच की जाएगी. हालांकि परिजनों का आरोप है कि उन्हें भी पुलिस की गोली लगी है.
तेजस्वी ने वीडियो जारी कर उठाए थे सवाल
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सीवान जिले में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोली चलाई. उन्होंने इस घटना के लिये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की निंदा की. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कथित घटना का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “सीवान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर एके-47 से सीधे गोलीबारी की. जब कोई अपराधी... मुख्यमंत्री बन जाता है तो पुलिस निर्दोष छात्रों पर गोलियां चलाती है....
सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर सीधी फायरिंग की। AK-47 से भी फायरिंग की गई।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 25, 2026
जब 7 हत्याओं का आरोपी अपराधी मुख्यमंत्री बन जाए तब लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ऐसे ही गोलियां चलाती है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। #Bihar pic.twitter.com/RB2Ftc1xeS
तेजस्वी ने वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि सिवान में प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 राइफल दिख रही है और उसी से छात्रों पर गोली चलाई गई. पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सिर्फ आंसू गैस और हल्का बल प्रयोग किया गया. तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए मांग की है कि गिरफ्तार छात्रों पर से सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और उन्हें तुरंत रिहा किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांग नहीं मानी गई तो RJD बड़ा आंदोलन करेगी.
यह भी पढ़ें - क्या सच में हुई AK-47 से छात्रों पर फायरिंग! तेजस्वी यादव ने दी बड़े आंदोलन की धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं