Samastipur Wedding Drama: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक शादी का जश्न उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब वरमाला के दौरान एक महिला ने एंट्री मारी और दूल्हे का कॉलर पकड़कर उसे पीटना शुरू कर दिया. यह महिला कोई और नहीं, बल्कि दूल्हे की पहली पत्नी थी. अपनी पहली शादी और दो बच्चों की बात छिपाकर दूसरी शादी रचाने पहुंचे दूल्हे की सारी पोल स्टेज पर ही खुल गई. मामला समस्तीपुर के पटोरी थाना क्षेत्र स्थित लोदीपुर धीर गांव का है, जहां बुधवार की देर रात इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी रुक गई और दुल्हन को बिना फेरे लिए लौटना पड़ा.
वरमाला के वक्त स्टेज पर शुरू हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, लोदीपुर धीर गांव निवासी प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता की शादी वैशाली जिले के प्राणपुर गांव निवासी पंकज कुमार से तय हुई थी. बुधवार रात पंकज करीब 40 बारातियों के साथ बड़े ही शान से बारात लेकर पहुंचा था. शादी की रस्में चल रही थीं और दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर मौजूद थे. ठीक उसी समय वैशाली जिले की रहने वाली नीलम देवी वहां पहुंच गई. स्टेज पर चढ़ते ही उसने दूसरी शादी का विरोध किया और सबके सामने दूल्हे पंकज कुमार की पिटाई शुरू कर दी. अचानक हुए इस ड्रामे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई.
बारातियों की हुई पिटाई, दूल्हे के पिता बंधक बनाया
जब दुल्हन पक्ष के लोगों को यह पता चला कि दूल्हा पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है, तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. खुद को धोखे में रखा हुआ पाकर लड़की वालों ने बारातियों को खदेड़ना शुरू कर दिया. इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें दूल्हे पंकज कुमार की इतनी पिटाई हुई कि उसका सिर फट गया. हंगामे के बीच दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को भगा दिया और दूल्हे के पिता को भी कुछ देर के लिए बंधक बना लिया. इस पूरे बवाल के बाद शादी टूट गई और दुल्हन वहां से चली गई.
6 साल पहले तमिलनाडु में हुई थी पहली शादी
पुलिस की पूछताछ में पहली पत्नी नीलम देवी ने पूरी कहानी बताई. नीलम ने बताया कि करीब 6 साल पहले तमिलनाडु में उसने पंकज कुमार से शादी की थी. वे दोनों वहां एक कपड़ा फैक्ट्री में पति-पत्नी के रूप में साथ रहकर काम करते थे. नीलम पहले से तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां थी. पंकज से शादी के बाद उनका एक और बच्चा हुआ. इस तरह वह दो बच्चों की मां है. कुछ समय से पंकज का व्यवहार बदला हुआ था, जिससे उसे शक हुआ कि वह कहीं और शादी करने की फिराक में है.
शक होने पर पहले ही पुलिस से की थी शिकायत
नीलम ने बताया कि अपने पति की दूसरी शादी की भनक लगने पर उसने वैशाली जिले के तिसिऔता थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. इसके बावजूद पंकज गुपचुप तरीके से शादी रचाने समस्तीपुर पहुंच गया. जब नीलम को इस शादी की भनक लगी, तो वह किसी तरह लोकेशन का पता लगाते हुए लोदीपुर धीर गांव स्थित शादी स्थल तक पहुंच गई और अपनी सौतन आने से पहले ही पति की सारी चालबाजी नाकाम कर दी.
पुलिस ने संभाली बिगड़ी बात
घटना की सूचना मिलते ही पटोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को शांत कराया. पुलिस ने फिलहाल घायल दूल्हे और उसकी पहली पत्नी को अपनी सुरक्षा में ले लिया है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी, लेकिन इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है.
ये भी पढ़ें:- पटना में लाठीचार्ज, TRE एग्जाम की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं