समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में शुक्रवार की सुबह खेत में सुधांशु कुमार उर्फ शर्माजी की सिर कटी लाश मिली थी. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मृतक का सिर, मृतक की साइकिल और हत्या में इस्तेमाल तलवार को भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में गांव के ही मुख्य आरोपी विकेश पासवान उर्फ मलिंगा, राजेश कुमार रंजन उर्फ राजन, अर्जुन पासवान, दीपक पासवान और नीतीश कुमार शामिल हैं.
घटना के बारे में सदर एसडीपीओ-1 और एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी मलिंगा और मृतक सुधांशु पहले आपस में दोस्त थे. लेकिन दोनों के बीच शराब कारोबार को लेकर अदावत हो गई. सुधांशु पर भी हत्या और शराब कारोबार से जुड़ा हुआ मामला दर्ज है. वहीं मलिंगा पर भी मुफस्सिल थाने में तीन संगीन मामले दर्ज हैं जिसमें वह फरार भी चल रहा था.
यह भी पढ़ेंः सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या कर जंगल में दफनाई लाश, फिल्मी है पूरी कहानी
मलिंगा को लगा कि सुधांशु उसे मार देगा
एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि इधर दोनों के बीच शराब कारोबार को लेकर अदावत रहने लगी. इस बीच मलिंगा को लगने लगा था कि सुधांशु उसकी हत्या कर देगा. जिससे वह डरा सहमा भी रहता था. इस बीच 10 मार्च को सड़क पर सुधांशु को अकेले पाकर मलिंगा ने अपने साथियों के साथ सुधांशु की हत्या बीच सड़क पर ही गला काटकर कर दी. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने तलवार की नोक पर उसका सिर रखकर टोले में घुमाया. लोगों ने देखा लेकिन डर के कारण किसी ने कुछ नहीं बोला. हत्या के बाद आरोपियों ने सिर और धड़ अलग-अलग जगह दफना दिए.

उन्होंने बताया कि मृतक के सिर को रंजन पासवान के बगीचे और धड़ को कुछ ही दूरी पर पानी की टंकी के पास परता जमीन में दफना दिया. जहां पर शव को गाड़ा गया था उस जगह के बारे में किसी को शक ना हो इसलिये उस जमीन को ट्रैक्टर चालक राजेश कुमार रंजन के सहयोग से जमीन मालिक उदय पासवान की उपस्थिति में जोतवा दिया.
इस दौरान मृतक के साइकिल को मध्य विद्यालय भुसारी के बगल के पोखर में फेंक दिया. पुलिस ने साइकिल को भी बरामद कर लिया है. घटना की जानकारी लोगों को शुक्रवार को हुई. इससे पहले सुधांशु की खोजबीन की जा रही थी. मृतक की पत्नी सोनम कुमारी ने कपड़े और हाथ में बंधे काले धागे के आधार पर शव की पहचान अपने पति सुधांशु कुमार उर्फ शर्माजी के रूप में की थी.
यह भी पढ़ेंः संभल: मामी से निकाह करना चाहता था भांजा, बच्चों के सामने ही पत्नी को बेरहमी से मार डाला
हमला, हत्या और फिर हैवानियत
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 10 मार्च की शाम सुधांशु झोले में लेकर देसी शराब बेचने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में मलिंगा और उसके साथियों से इसकी मुलाकात बीच रोड पर ही हो गई. इस दौरान मलिंगा और उसके दोस्तों ने उसे पकड़ लिया और वहीं पर पटक कर सड़क किनारे ही तलवार से वार किया पहले दोनों पैर और सिर को जख्मी किया, फिर गला काट डाला. गला काटने के बाद आसपास तलवार की नोक पर मलिंगा ने सुधांशु के कटे सिर को रखकर नचाया भी. बाद में इसे बांसवाड़ी में लाकर रखा जहां पर इसके शरीर को बोरी में बंद किया और बगल के बंजर खेत में दफन कर दिया और ट्रैक्टर से जोतवा दिया. सिर को भी कुछ ही दूरी पर रंजन पासवान के बगीचे में दफना दिया. इस पूरी घटना की जानकारी ट्रैक्टर चालक और जमीन मालिक को थी. मिली जानकारी के अनुसार दोनों में शराब कारोबार को लेकर तनातनी की स्थिति थी. सुधांशु इसकी हत्या न कर दे इस डर से मलिंगा ने सुधांशु की हत्या कर दी.
यह भी पढ़ेंः गुजरात में डबल मर्डर, पिता ने बेटों संग मिलकर बेटी और उसके प्रेमी को मारा, कुएं में फेंके शव

शव के पास शोक जता रहा था आरोपी
बताया जा रहा है कि सुधांशु का शव बरामद होने के बाद तक मलिंगा और उसके साथी गांव में ही थे और घटनास्थल के पास आकर शोक भी व्यक्त कर रहे थे. इस बीच घटना को अंजाम देने वाले मलिंगा की जानकारी धीरे-धीरे बाहर निकलने लगी तो वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया.
एसएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में पर्याप्त सबूत मिल गए हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है. सभी आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी. सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं