- औरंगाबाद जिले के मंझियावां गांव में जयमाल के दौरान छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत और पच्चीस घायल हुए हैं
- मृतकों की पहचान सत्यनारायण सिंह और झारखंड के धनबाद में ऑपरेटर अखिलेश्वर यादव के रूप में हुई है
- घटना शादी समारोह के दौरान हुई जहां रामव्यास सिंह की बेटी की शादी का जयमाल चल रहा था
बिहार के औरंगाबाद में बीती रात बड़ा हादसा हो गया. शादी समारोह में जयमाल के दौरान अचानक छज्जा गिर पड़ा जिसके नीचे दबने से दो की मौत हो गई. इस घटना में 25 लोगों के भी घायल होने की खबर है.हादसा औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मंझियावां गांव का बताया गया है.
दाउदनगर थाना क्षेत्र के मंझियावां गांव में बीती रात शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. जयमाल के दौरान अचानक छत का छज्जा (पोर्टिको) गिर गिया. मलबे के नीचे दबने से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 लोग घायल हुए हैं. मृतकों की पहचान सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव के तौर पर हुई है. अखिलेश्वर यादव झारखंड के धनबाद में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जबकि सत्यनारायण सिंह खेती-किसानी करते थे. दोनों मृतक रिश्ते में दुल्हन के भाई बताए जा रहे हैं.
जयमाल के दौरान अचानक गिरा छज्जा
जानकारी के अनुसार रामव्यास सिंह की बेटी की शादी थी. बारात गोह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से आई थी. द्वारपूजन के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था. बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंचे थे. कार्यक्रम स्थल के पास छज्जा भरभराकर गिर पड़ा. इसके बाद अफरा-तफरी मच गई. मलबा नीचे बैठे लोगों पर गिर गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 के करीब लोग दबकर घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला. सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है.
हादसे के बाद मातम में बदली सारी खुशियां
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शादी की खुशियों मातम में बदल गई.अखिलेश्वर यादव अपने भाइयों में दूसरे स्थान पर थे. एक बेटी की शादी हो चुकी है. एक बेटी और बेटे की शादी अभी नहीं हुई थी. वहीं, सत्यनारायण सिंह की दो बेटियों की शादी हो चुकी है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं.
औरंगाबाद से आदित्य कुमार की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं