विज्ञापन

हवाई हमले की चेतावनी के बाद बिहार के 6 शहर हुए ब्लैकऑउट, शाम 7 बजे छाया अंधेरा, सफल रहा मॉक ड्रिल

गृह मंत्रालय के आदेश पर बिहार सरकार के संयुक्त रूप से पटना सहित राज्य के छह जिलों किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया एवं कटिहार में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट संबंधी मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.

हवाई हमले की चेतावनी के बाद बिहार के 6 शहर हुए ब्लैकऑउट, शाम 7 बजे छाया अंधेरा, सफल रहा मॉक ड्रिल
पटना समेत 6 जिलों में मॉक ड्रिल
Bihar News:

बिहार में राजधानी पटना समेत 6 जिलों में शाम को सायरन बजते ही पूरा शहर ब्लैकऑउट हो गया. यह सायरन हवाई हमले की थी. इसके साथ ही शहर के घरों में भी लाइट बंद की गई. दरअसल, यह सारी योजना मॉक ड्रिल के लिए थी. जो सिविल डिफेंस की ओर से आयोजित किया गया था. यह मॉक ड्रिल 15 मिनट के लिए था. जिसमें लोगों ने घरों, दुकानों और दफ्तरों की लाइटें बंद रखीं. हालांकि कुछ लोगों में जागरूकता की कमी दिखी, इस वजह से कई घरों में लाइट ऑफ नहीं किये गए थे.

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग, नागरिक सुरक्षा निदेशालय तथा जिला प्रशासन, बिहार सरकार के संयुक्त रूप से पटना सहित राज्य के छह जिलों किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया एवं कटिहार में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट संबंधी मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.

अररिया में दिखी जागरूकता की कमी

प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम ने लोगों को ब्लैकआउट के दौरान सावधानी बरतने और आपात स्थिति में सतर्क रहने का संदेश दिया. हालांकि ड्रिल के दौरान कई स्थानों पर लोगों में जागरूकता की कमी देखने को मिली. कुछ दुकानों और घरों में लाइटें जलती रहीं, जबकि कई लोग इस अभ्यास के उद्देश्य से अनजान नजर आए. अररिया सदर एसडीओ बलवीर दास ने बताया यह मॉक ड्रिल लोगों को आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित की गई थी. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आम लोगों की भागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है.

आपदा विभाग ने की निगरानी

आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देशानुसार विभाग के संयुक्त सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से उक्त छह जिलों में आयोजित किए जा रहे मॉक ड्रिल की निरंतर निगरानी की तथा संबंधित जिले के जिला पदाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.

जिला प्रशासन, पटना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉकड्रिल का आयोजन समाहरणालय मुख्य भवन कार्यालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड तथा आईजीआईएमएस परिसर में किया गया. किशनगंज जिले में समाहरणालय, बस स्टैंड एवं गांधी चौक पर मॉकड्रिल आयोजित की गई. पूर्णिया जिले में पूर्णिया विश्वविद्यालय, जिला स्कूल, रंगभूमि मैदान, पॉलीटेक्निक चौक, आर.एन. साह चौक एवं गुलाब बाग मंडी में अभ्यास किया गया.

इसके अलावा, अररिया जिले में जिला कृषि कार्यालय, खेल भवन, कन्या उच्च विद्यालय, नगर परिषद अररिया, नगर परिषद फारबिसगंज, नगर परिषद जोगबनी, नगर पंचायत नरपतगंज एवं नगर पंचायत जोकीहाट में मॉक ड्रिल आयोजित की गई. ब्लैकआउट के दौरान पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. और कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सिमुलेशन स्थल पर किए जाने वाले अभ्यासों का जायजा लिया.

यह भी पढ़ेंः अब सुरक्षा और भी सख्त... बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट को लेकर आया नया अपडेट

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com