विज्ञापन

भागलपुर में दिल दहला देने वाला हादसा, बाढ़ के पानी में डूबकर एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

भागलपुर के कोयली खुटहा गांव में बाढ़ के पानी से भरी सड़क पार करते समय एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबकर मौत हो गई.

भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबकर 5 लोगों की मौत
IANS

भागलपुर में गंगा नदी के बढ़े जलस्तर और भीषण बाढ़ के बीच बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क पर जमा बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण हादसे में एक अन्य व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है. 

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग रोजाना की तरह अपने खेत की ओर जाने के लिए निकले थे. रास्ते में बाढ़ का पानी सड़क पर काफी दूर तक फैला हुआ था. जलभराव के कारण सड़क और गड्ढे की गहराई का बिल्कुल अंदाजा नहीं लग पा रहा था, जिसके चलते परिवार के कुछ सदस्य अनजाने में गहरे पानी की चपेट में आ गए. एक सदस्य को बाढ़ के पानी में डूबता देख उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य लोग तुरंत आगे बढ़े. एक-एक करके बचाने के इस सिलसिले में असमय ही कई लोग गहरे पानी में समाते चले गए.

गांव वालों ने ही किया रेस्क्यू

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में रेस्क्यू शुरू किया और सभी को बाहर निकालकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान मंचों देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है, जो सभी एक ही परिवार के सदस्य थे. हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीन शवों को कागजी और चिकित्सीय प्रक्रियाओं के लिए फैब्रिकेटेड अस्पताल में रखा गया है.

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. घटना की खबर मिलते ही थानाध्यक्ष, पंचायत के मुखिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण व रिश्तेदार मायागंज अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों की चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कई जगहों पर गहरे गड्ढों का पता नहीं चल पा रहा है, जो आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गया है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित और जलजमाव वाले जोखिम भरे स्थानों पर तुरंत बैरिकेडिंग करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: CM के सामने इंतजाम, दौरा खत्म होते ही गायब? हाजीपुर बाढ़ राहत शिविर में वायरल वीडियो-ऑडियो से उठे बड़े सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Flood, Bihar Flood 2026, Bihar Flood Alert, Bihar Flood And Rain, Bihar Flood Alert Gandak River
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com