बिहार के गया जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया. फतेहपुर थाना क्षेत्र के नावनगर महादलित टोला में ‘डायन' होने का आरोप लगाकर दर्जनों लोगों ने 70 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी. हमले में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.
खाट पर सो रही थी बुजुर्ग महिला
दरअसल, गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित नावनगर महादलित टोला रविवार की आधी रात चीख-पुकार और अफरा-तफरी से गूंज उठा. गांव में अंधविश्वास के नाम पर उन्मादी भीड़ ने 70 वर्षीय बुल्की देवी को मौत के घाट उतार दिया. आरोप है कि गांव के ही दर्जनभर लोग अचानक हथियार और ईंट-पत्थर लेकर पहुंचे और घर के बाहर खाट पर सो रही बुल्की देवी को घसीटते हुए कुछ दूरी पर ले गए.
वहां बेरहमी से ईंट-पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद हमलावरों ने बगल के घर पर भी हमला बोल दिया, जहां एक अन्य महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायल महिला को पहले फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गयाजी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.
हमलावरों ने महिला पर लगाया डायन होने का आरोप
मृतका के परिजनों ने बताया कि हमलावर बुल्की देवी पर ‘डायन' होने का आरोप लगा रहे थे. उनका कहना था कि महिला ने तंत्र-मंत्र और जादू-टोना कर उनके परिवार के सदस्यों को बीमार कर दिया है. इसी अंधविश्वास में भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया. घटना को लेकर पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है. सूचना मिलने के बाद वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनील कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है. डीएसपी ने बताया कि मृतका के परिजनों ने 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा है. एक बार फिर यह वारदात साबित करती है कि समाज में आज भी अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी कुरीतियां लोगों की जान ले रही हैं.
यह भी पढे़ं-
बिहार: खेत में नाबालिग लड़का-लड़की को पकड़ा, लड़के का सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया; कराई शादी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं