सोशल मीडिया पर रील बनाते-बनाते फॉलोअर्स बढ़ाकर इनफ्लुएंसर बनने की चाहत आज कल हर युवाओं में होती है. लेकिन इस चाहत के कारण कई बार ऐसे हालात हो जाते हैं तो जिंदगी दांव पर पड़ जाती है. खतरनाक रील बनाने की कोशिश की जान गंवाते युवाओं के साथ-साथ इनफ्लुएंसर बनने के टिप्स के झांसे में फंसाकर यौन शोषण तक के मामले सामने आते रहे हैं. ऐसा ही एक ताजा मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है. जहां दिल्ली की एक इनफ्युएंसर के साथ होटल में रेप किया गया. आरोपी SSB के ASI पर लगा है. पीड़िता ने एसएसबी को मामले की शिकायत दी है. जिसमें कहा है कि SSB के ASI विकास कुमार और इसके एक साथी राजीव राय ने रील बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में स्थित एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया.
बयान बदलने और केस उठाने की धमकी दे रहे आरोपी
पीड़िता का कहना है कि विरोध पर उसके दो साल के मासूम बच्चे के साथ बर्बरता की धमकी दी. महिला ने SSB मुख्यालय में शिकायत दिया है, जिसकी जांच चल रही है. इसी बीच अब पीड़िता ने मुजफ्फरपुर पुलिस को एक आवेदन दिया गया, जिसमें कहा है कि दोनों आरोपी महिला को बयान बदलने और केस उठाने को लेकर धमकी दे रहे हैं. दूसरी शिकायत मिलने पर अब पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है.
सोशल मीडिया से आरोपियों से हुई पहचान
दिल्ली की महिला इनफ्लुएंसर ने NDTV से बात करते हुए बताया मुजफ्फरपुर में कार्यरत SSB के एक ASI विकास कुमार और उनके साथी राजीव राय से उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई. आरोपी राजीव राय ने उसके रील को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके सोशल मीडिया के फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर 7 सितंबर 2025 को मुजफ्फरपुर बुलाया. महिला अपने 2 साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरपुर पहुंची जहां उसको स्टेशन रोड के एक होटल में पहले उसको ठहराया गया.
बच्चे की हत्या की धमकी भी दी
होटल में ASI के साथी राजीव राय ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया और फिर SSB के ASI विकास कुमार के साथ भी उसको अवैध संबंध बनाने के लिए कहा गया और जब पीड़ित महिला द्वारा उसके इस घिनौनी करतूत का विरोध किया गया तो उसके द्वारा महिला के 2 साल के बच्चे की हत्या कर देने की धमकी दी गई.
वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे आरोपी
जिसके बाद महिला लाचार होकर बच्चे को लेकर वापस दिल्ली लौट गई. दिल्ली लौटने के साथ ही उसके साथ दोनों आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल और फिर डरा धमका कर महिला से आरोपियों द्वारा ₹20000 ले लिया गया. जिसके बाद परेशान महिला ने पति को पूरी कहानी बताई.
मुजफ्फरपुर पुलिस भी मामले की छानबीन कर रही
मामले में पीड़िता द्वारा नगर थाने की पुलिस को पूरे मामले को लेकर एक आवेदन सौंपा गया है जिसमें कहा गया है की पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और जब उसने अपनी बातों को मुजफ्फरपुर में स्थित SSB के मुख्यालय तक अपनी बात को पहुंचाया तो अब आरोपी द्वारा उस महिला को अपना बयान बदलने और केस वापस लेने की धमकी दी जा रही है.
पीड़िता की शिकायत की पुष्टि करते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया गया कि मामला संज्ञान में आया है. फिलहाल मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें - छात्राओं का रेप, वीडियो भी बनाया... गुरु-शिष्य रिश्ते को तार-तार करने वाले बक्सर के दो टीचर सस्पेंड, हेडमास्टर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं