विज्ञापन

बिहार: राइफल के साथ भोजपुरी गानों पर ठुमके, कानून को ताक पर रख युवकों ने किया हथियारों का प्रदर्शन

वीडियो को आर्यन यादव नामक युवक द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया गया था. पुलिस की शुरुआती जांच में हथियार के साथ दिख रहे युवक की पहचान उसी के रूप में की गई है.

बिहार: राइफल के साथ भोजपुरी गानों पर ठुमके, कानून को ताक पर रख युवकों ने किया हथियारों का प्रदर्शन
  • बिहार के भागलपुर में डीजे और आर्केस्ट्रा मंच पर हथियार लहराने वाले युवाओं के वीडियो वायरल हो रहे हैं.
  • नवगछिया के आदर्श थाना क्षेत्र के सोच गांव में हथियार के साथ डांस करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है.
  • वीडियो में एक युवक राइफल और दूसरा देशी कट्टा लेकर डीजे की धुन पर बेखौफ डांस करता दिखा है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
भागलपुर:

बिहार के भागलपुर में डीजे और आर्केस्ट्रा के मंच अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि कई जगहों पर यह दहशत के प्रदर्शन में बदलते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में कुछ युवा हथियारों को स्टेटस सिंबल बनाकर खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं. अलग-अलग इलाकों से लगातार ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं और अब नवगछिया पुलिस जिला से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

राइफल लहराता दिखा युवक

वायरल वीडियो में तेज डीजे की धुन और भोजपुरी रंगदारी गानों के बीच दो युवक हाथों में हथियार लेकर बेखौफ अंदाज में झूमते दिखाई दे रहे हैं. एक युवक राइफल लहराता नजर आता है, जबकि दूसरा युवक देशी कट्टा लेकर डांस करता दिख रहा है. सबसे चिंताजनक बात यह रही कि आसपास मौजूद भीड़ इस खतरनाक प्रदर्शन को तमाशे की तरह देखती रही, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की.

Latest and Breaking News on NDTV

बताया जा रहा है कि यह वीडियो नवगछिया पुलिस जिला के आदर्श थाना क्षेत्र स्थित सोच गांव का है. वीडियो को आर्यन यादव नामक युवक द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया गया था. पुलिस की शुरुआती जांच में हथियार के साथ दिख रहे युवक की पहचान उसी के रूप में की गई है. सूत्रों के अनुसार उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियारों के साथ बनाए गए कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं, जो युवाओं में बढ़ते इस खतरनाक ट्रेंड की ओर इशारा करते हैं.

जांच में जुटी पुलिस

वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. नवगछिया एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सत्यापन और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध, साथ ही कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था क्यों नदारद थी.

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या लाइक और फॉलोअर्स की अंधी दौड़ युवाओं को कानून और अपनी जान दोनों से खिलवाड़ करने की ओर धकेल रही है. सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह हथियार लहराना कभी भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है. अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या इन वायरल ‘रंगदारों' पर कानून सख्ती से शिकंजा कस पाएगा या फिर दहशत का यह ट्रेंड यूं ही जारी रहेगा.

ये भी पढें :-  किसी का तकिये से गला घोंटा, एक ने फांसी लगाई, डरा रही हैदराबाद में सुसाइड पैक्ट की कहानी!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com