- झारखंड में 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए नगर निकाय चुनाव में कुल 43 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे
- मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच चलेगा
- चुनाव में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं, कुल 1042 वार्डों में मतदान होगा
Jharkhand Nagar Nigam and Nagar Palika Election 2026 Live Updates: झारखंड में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच सोमवार को नगर निकाय चुनाव के मतदान हुए. प्रदेश के 48 शहरी स्थानीय निकायों में वोटिंग हुई, इनमें 9 नगर निगम भी शामिल हैं. कुल 1042 वार्डों में हुए मतदान के लिए कुल 43 लाख वोटर्स थे. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चली. इस दौरान लोकतंत्र के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले. एक तरफ जहां सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों में वोट डालने के प्रति भारी उत्साह था, वहीं दूसरी ओर राज्य के कई जिलों से हिंसा, फर्जी वोटिंग और हंगामे की खबरें सामने आईं. कई जगहों पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा तब जा कर मामला शांत हुआ...
झारखंड निकाय चुनाव में जानें इन शहरों में हुई मारपीट
- रांची के हिंदपीढ़ी में इदरीसिया तंजीम में मतदान के दौरान मारपीट की घटना हुई. यहां ईदसिरिया तंजीम स्कूल बूथ पर मारपीट की घटना सामने आई है. दो अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.
- बोकारो में नगर निकाय चुनाव के दौरान बूथ पर हुए बवाल और मारपीट में चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए.
- गिरिडीह में बूथ संख्या 4 और धनबाद में वार्ड 27 के बूथ पर मतदान के दौरान समर्थकों के बीच झड़प और मारपीट की घटना हुई.
- धनबाद नगर निगम चुनाव के वार्ड संख्या-22 में बूथ लूटने के दाैरान भारी हंगामा हुआ और पार्षद प्रत्याशी के भाई से मारपीट की घटना हुई.
- जमशेदपुर में निकाय चुनाव के दौरान जुगसलाई में बोगस वोटिंग पर बवाल हुआ. रिंकू सिंह ने समर्थकों संग हंगामा किया जिस वजह से एक घंटे मतदान रुका रहा.
- गुमला जिले के वार्ड नंबर चार में स्थित अंबेडकर नगर मतदान केंद्र की है,जहां दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया. विवाद इस हद तक बढ़ गया कि दोनों में मारपीट तक की नौबत आ गयी.
- साहिबगंज में चुनाव ड्यूटी के दौरान होमगार्ड के जवान के राइफल से गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई.
- गिरिडीह वार्ड नंबर 18 में गोली चली, इसमें दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान मो. असलम अंसारी एवं समीम अंसारी के रूप में हुई है.
झारखंड नगर निकाय चुनाव से जुड़ी हर अपडेट के इस लाइव कॉपी से गुजरें
Jharkhand Nagar Nikay Election Live: गिरिडीह में वोटिंग के दौरान गोलीबारी, दो लोग घायल
गिरिडीह में निकाय चुनाव के मतदान के अंतिम समय में गोली चली है. गोली दो लोगों को लगी है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. यह घटना वार्ड नंबर 18 की है. घायलों में मो. असलम अंसारी एवं समीम अंसारी शामिल है. घटना नगर थाना इलाके के झींझरी मोहल्ला-आजाद नगर के बीच की बतायी जा रही है. घायल के मुताबिक सोमवार की सुबह वोटिंग शुरू होने के बाद ही झगड़ा हो गया था. इसकी जानकारी पर SDM-DSP समेत कई अधिकारी पहुंचे थे और मामला शांत करवा दिया. वहीं शाम को फिर वोटिंग को लेकर कहासुनी होने लगी. बात नहीं बढ़े इसलिए वे लोग झींझरी मुहल्ला पहुंचे. तभी शिवम श्रीवास्तव के आदमी लोग आ गए और फायरिंग कर दी. कहा कि गोली किसने चलायी है यह उसने देखा नहीं है लेकिन गोली चलाने वाले शिवम के आदमी ही थे.
सड़क जाम जमकर हंगामा
इधर इस घटना से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया है. लोग पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं. लोगों का कहना है कि सुबह में ही प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेता तो नौबत यह नहीं आती.
दूसरी तरफ घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. यहां घायलों को स्थिति को जाना और पुलिस पदाधिकारियों को घटनास्थल पर भेजते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. पुलिस गोली चलाने वाले को खोज रही है. इलाके में बल की तैनाती कर दी गई है.
यहां बता दें कि रविवार की सुबह इसी वार्ड में वोटिंग को लेकर काफी हंगामा हुआ था. हंगामा के बाद सड़क जाम किया गया था. यहां पर प्रशासन ने तुरंत ही मोर्चा संभाला और फिर स्थिति को काबू में लिया था. इस बीच शाम को फिर से भिड़ंत हो गई.

गिरिडीह में निकाय चुनाव की वोटिंग के दौरान हुई फायरिंग में दो लोग घायल.
Jharkhand Nagar Nikay Election Live: बोकारो में भारी बवाल, बूथ पर मारपीट में DSP घायल
झारखंड में हो रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान अभी बोकारो से चुनावी हिंसा की एक बड़ी खबर सामने आई है. चास नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र पर अचानक हुई मारपीट और हंगामे में ड्यूटी पर तैनात चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रत्याशी के पति रमाशंकर सिंह को हिरासत में लिया है. इसके अलावा पुलिस इस घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्ताती में जुटी हुई है.

बोकारो में चुनावी हिंसा के बाद स्थिति को संभालने में जुटे पुलिस के जवान.
Jharkhand Nagar Nikay Election Live: 3:03 PM: नगर निकाय चुनाव में पत्नी संग सीएम हेमंत सोरेन ने डाला वोट
झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधानसभा सीट से विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के हरमू स्थित संत कुलदीप हाई स्कूल पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी दोपहर के समय मतदान केंद्र पहुंचे थे. इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने वोट डाला. मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए मुस्कुराते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं. वोट डालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए CM हेमंत सोरेन ने राज्य की जनता से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की, उन्होंने कहा, लोकतंत्र का यह महापर्व राज्य की दिशा और दशा तय करने का अवसर है. मैं झारखंड के हर नागरिक, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे घर से बाहर निकलें और मजबूत झारखंड के निर्माण के लिए वोट करें.
आज झारखंड में नगर निकाय चुनाव हो रहा है। मैंने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) February 23, 2026
आप सभी से अपील है कि अपने-अपने केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
जोहार... pic.twitter.com/w0baUG1Fky
Jharkhand Nagar Nikay Election Live: 1:57 PM:चतरा में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान जारी, डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण
चतरा में चल रहे मतदान के दौरान डीसी कृतिश्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मतदान प्रक्रिया और मतदाताओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की. वहीं 11 बजे तक 23.46% मतदान हुआ है. निरीक्षण के दौरान डीसी कृतिश्री ने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से मतदान कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर और असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें. (चतरा से सूर्यकांत कमल की रिपोर्ट)
Jharkhand Municipal Election Voting Live: 12:25 PM:धनबाद के वार्ड 22 में तनाव, बाकी जगह शांतिपूर्ण मतदान जारी
धनबाद के नगर निगम चुनाव 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक हो रहे हैं, जहां छिटपुट घटनाओं के बावजूद ज्यादातर बूथों पर शांति बनी हुई है. धनबाद नगर निगम में कुल 55 वार्ड हैं, जिनमें 974 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें 158 सामान्य, 647 संवेदनशील और 169 अतिसंवेदनशील बूथ शामिल हैं. चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्डों में अतिरिक्त 42 बूथ हैं, कुल मिलाकर 1016 बूथों पर 8,97,936 मतदाता (4,71,279 पुरुष, 4,26,624 महिला, 33 थर्ड जेंडर) वोट डाल रहे हैं. वार्ड नंबर 22 के सुसनीलेवा नागर क्षेत्र में नगर निगम चुनाव के दौरान तनाव की स्थिति बनी, जहां राज आनंद नामक युवक पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगा. स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि वह मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था, जिससे हलचल मच गई. पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति संभाल ली और जांच शुरू कर दी है. (धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)
Jharkhand Municipal Election Voting Live:11:48 AM: गोड्डा नगर चुनाव में वोट डालने को लेकर कांग्रेस नेता की धमकी, केस दर्ज
गोड्डा में नगर चुनाव में वोट डालने को ले धमकाने का कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और उसने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है.
गोड्डा डीसी की ओर से प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई है. वीडियो में कथित कांग्रेसी नेता अंजुम अख्तर साफ साफ कहते दिखे कि सरकार,प्रशासन और मंत्री सभी अपने हैं. वोट लेने के लिए चाहे जो करना पड़े करो. शनिवार की रात वीडियो वायरल होने के बाद गोड्डा जिला प्रशासन की काफी किरकिरी होने लगी. फिलहाल एक प्रत्याशी द्वारा लिखित शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है.
Jharkhand Municipal Election Voting Live:11:20 AM: चतरा में 9 बजे तक 10.6% हुए मतदान
नगर निकाय चुनाव को लेकर चतरा में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है. सुबह 9 बजे तक चतरा में लगभग 10.6 प्रतिशत मतदान हो गया है. मतदाता उत्साह के साथ कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.सुबह मतदान शुरू होते ही विभिन्न बूथों पर महिला, पुरुष एवं युवा मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचने लगे. कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं.मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. मतदाताओं का कहना है कि इस बार वे नई सोच और विकास के विजन के साथ मतदान कर रहे हैं.
Jharkhand Nikay Chunav LIVE:10:49 AM: देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद में 2 लाख 23 हजार 536 मतदाता कर रहे मतदान
नगर पालिका आम चुनाव 2026 के तहत देवघर नगर निगम के 36 वार्डो में 172 मतदान केंद्र है.1 लाख 79 हज़ार 278 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. इनमें 92 हज़ार 712 पुरूष,86 हज़ार 558 महिला और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. वही मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 23 वार्ड है जिसमें 46 मतदान केंद्र बना है. इस क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या है. यहां कुल 44 हजार 258 मतदाता हैं जिनमें 22 हजार 65 पुरूष मतदाता है जबकि 22 हजार 193 महिला मतदाताओं की संख्या है.
Jharkhand Municipal Election Voting Live: 10:21 AM:लालटेन युग की याद दिला रही हेमंत सरकार... ऐसा क्यों बोले निशिकांत दुबे?
देवघर निकाय चुनाव में सांसद निशिकांत दुबे अपनी पत्नी अनुकान्त दुबे के साथ मतदान किया. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग बूथ पर दंपति ने मतदान किया है. सांसद ने कहा कि संताल परगना के सभी जिलों में निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत पक्की है.बैलेट पेपर से चुनाव पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि हेमंत सरकार लालटेन युग की याद दिला रहे हैं.
Jharkhand Nikay Chunav LIVE: 10:18 AM: मेदिनीनगर नगर निगम में पहली बार मतदान करने पहुंची खुशी ने क्या बताया?
मेदिनीनगर नगर निगम में नगर निकाय 2026 की मतदान सुबह से ही शुरू हो चुकी है सभी मतदान बूथ पर सुरक्षा बल के पूरी तैनाती की गई है सुबह से ही मतदान स्थल पर मतदाता लाइन में होकर अपना मतदान शांतिपूर्वक कर रहे हैं. पहली बार मतदान करने आई खुशी कुमारी ने कहा कि मैं दूसरे को वोट करते देखती थी. विधानसभा,लोकसभा नगरपालिका का मतदान करते थे तो मुझे भी मतदान करने की लालसा थी पर मुझे खुशी हो रही है कि मैं पहली बार मतदान कर रही हूं.
Jharkhand Nikay Chunav LIVE:9:52 AM:झारखंड में वोटिंग प्रतिशत कम करने की साजिश... रांची में वोट डालने के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
झारखंड नगर निकाय चुनाव में वोट डालकर निकले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यहां लोगों में जो उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे लग रहा है कि इस बार मतदान का पिछला रिकॉर्ड टूट जाएगा.वोट प्रतिशत कम करने की साजिश की गई है.जब मैं वोट डालने गया तो हमें लगभग 15 मिनट लग गए.पहली बार ऐसा देख रहे हैं कि पार्षद और मेयर—दोनों के वोट एक ही बैलेट बॉक्स में डाले जा रहे हैं. क्या दो बैलेट बॉक्स नहीं रखे जा सकते थे? यह बिल्कुल गलत है.मेयर और पार्षद के लिए अलग‑अलग बैलेट बॉक्स होने चाहिए थे.यह निर्वाचन आयोग की चूक है.
#WATCH | Ranchi, Jharkhand: After casting his vote, MoS Defence Sanjay Seth says, "...Looking at the enthusiasm here, we feel that the previous record will be broken. A conspiracy has been hatched to reduce the vote percentage. When I went to cast my vote, it took us about 15… https://t.co/F5Zu3RK12W pic.twitter.com/TcVFGvfVO9
— ANI (@ANI) February 23, 2026
Jharkhand Nikay Chunav LIVE:9:39 AM: चतरा निकाय चुनाव में वोटर्स का जोश हाई, बड़ी संख्या में पहुंचे मतदाता
चतरा नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है. मतदाता उत्साह के साथ कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. सुबह मतदान शुरू होते ही विभिन्न बूथों पर महिला, पुरुष एवं युवा मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचने लगे. कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं. मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. मतदाता जो हैं वो इस बार नई सोच व विजन के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. मतदाताओं ने शहर के विकास और पेयजल जैसे समस्याओं को लेकर शहर की सरकार चुनने का मौका मिल रहा है. उन्होंने कहा कि करीब आठ वर्षों के बाद नगर निकाय का चुनाव हो रहा है, जिससे लोग काफी उत्साहित हैं.(रिपोर्ट- सूर्यकांत कमल)
Jharkhand Municipal Election Voting Live:9:26 AM: लातेहार में 9 बजे तक 12.40 प्रतिशत मतदान
लातेहार में 9 बजे तक हुए मतदान का डेटा आ गया है. लातेहार नगर निकाय चुनाव में सुबह 9 बजे तक 12.40 प्रतिशत मतदान हुआ है. बता दें कि लातेहार नगर निकाय चुनाव 15 वार्ड के लिए 22 मतदान केंद्रों में 19989 मतदाता करेगें. नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 8 और वार्ड पार्षद के 56 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. बैलेट पेपर से उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. इस नगर पंचायत चुनाव में वार्ड संख्या आठ में सबसे अधिक 1837 मतदाता हैं.
Jharkhand Nikay Chunav LIVE:9:18 AM: नगर निकाय चुनाव में 41 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित, तीन वार्ड में एक भी प्रत्याशी नहीं, मानगो के एक वार्ड में चुनाव रद्द
झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. राज्य भर में लगभग 43.43 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां की हैं. इस चुनाव में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में वोटिंग हो रही है. कुल 1042 वार्डों में मेयर, अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं. इनमें से 41 वार्डों में पार्षद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि तीन वार्डों में कोई प्रत्याशी नहीं था, इसलिए ये सीटें रिक्त हैं. मानगो नगर निगम के एक वार्ड में प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया है और वहां बाद में मतदान होगा.
मेयर और अध्यक्ष पद के लिए कड़ी टक्कर
नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट के मुद्दों पर आधारित होते हैं. मेयर और अध्यक्ष पद के लिए कड़ी टक्कर देखी जा रही है. प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने वोट डालें. सक्रिय भागीदारी से ही स्थानीय शासन मजबूत होगा और विकास की दिशा तय होगी.
(रिपोर्ट- हरिवंश शर्मा रांची)
Jharkhand Municipal Election Voting Live:9:09 AM: झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर समझ लीजिए पूरा गणित
झारखंड के सभी 48 शहरी निकाय क्षेत्रों में नगर सरकार के लिए सोमवार की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 4304 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई है. वोटिंग सुबह के सात बजे से शुरू होकर शाम के पांच बजे तक चलेगी. इस दौरान राज्य के 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 22 लाख 07 हजार 203 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 21 लाख 26 हजार 227 है, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 144 है. गैर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता मेयर और पार्षद के लिए वोट कर रहे हैं.खास बात यह है कि सभी पार्टियों ने किसी न किसी उम्मीदवार को अपना समर्थन जरूर दिया है.
Jharkhand Nikay Chunav LIVE:9:03 AM:गढ़वा में कई वोटर्स ने पहली बार किया बैलेट पेपर का इस्तेमाल
गढ़वा के चुनाव आयोग का स्लोगन पहले मतदान फिर जलपान का स्लोगन गढ़वा में चरिर्थात हो रहा है क्योंकि गढ़वा नगर परिषद में अल सुबह से ही सभी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ देखी जा रही है. वार्ड नंबर 10 गोविद स्कूल एंव वार्ड नंबर 15 सहिजना समुदाय भवन में मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली जहां भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता मतदान करते दिखे. क्या युवा, क्या महिला और क्या बुर्जुग,मतदाता लाइन में लगकर मतदान कर रहे हैं. मतदाताओं में इस बार खुशी का महौल देखा कई मतदाताओं ने पहली बार बैलेट पेपर पर मतदान किया. कुछ मतदाताओं ने बदलाव का दावा किया तो कुछ मतदाताओं ने इसे इंकार किया. गौरतलब है कि गढ़वा जिले में एक नगर परिषद तो दो नगर पंचायत के लिए मतदान कर रहे हैं.(हरिवंश शर्मा की रिपोर्ट)
Jharkhand Nikay Chunav Voting LIVE Update: 8:26 AM: छोटी सरकार से जनता को क्या उम्मीद?
2026 के नगर निकाय चुनाव में वोट डालने आए एक मतदाता ने कहा कि हम चाहते हैं कि नगर निगम ठीक तरह से काम करे और शहर को साफ‑सुथरा रखे. भले ही हमें केंद्रीय सरकारी दफ्तर में अपनी ड्यूटी पर जाना होता है, फिर भी हम सुबह‑सुबह वोट डालने पहुंचे.
Ranchi, Jharkhand: On the 2026 municipal elections, a voter says, "We want the city's municipal corporation to function properly and keep the city clean. Even though we have work and duties to attend to at the Central Government office, we came early in the morning to cast… pic.twitter.com/7muRU1BFOc
— IANS (@ians_india) February 23, 2026
Jharkhand Nikay Chunav Voting LIVE Update:: 7:51 AM: लातेहार में 15 वार्डों के लिए मतदान शुरू, 19989 वोटर्स करेंगे वोट
लातेहार नगर निकाय चुनाव की अगले सुबह से मतदाता अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचना शुरू हो गया है.मतदान को लेकर मतदान केन्द्रों सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्ण मतदान को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई है. लातेहार नगर निकाय चुनाव 15 वार्ड के लिए 22 मतदान केंद्रों में 19989 मतदाता करेगें. नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 8 और वार्ड पार्षद के 56 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. बैलेट पेपर से उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. इस नगर पंचायत चुनाव में वार्ड संख्या आठ में सबसे अधिक 1837 मतदाता हैं. जबकि वार्ड एक में 1500, वार्ड दो में 1433, वार्ड तीन में1304, वार्ड चार में 1698, वार्ड पांच में 1498, वार्ड छह में 1207, वार्ड सात में 1700, वार्ड आठ में 1837, वार्ड नौ में 1643, वार्ड 10 में 1059, वार्ड 11 में 1221, वार्ड 13 में 943, वार्ड 14 में 1294 और वार्ड नंबर 15 में कुल मतदाताओं की संख्या 961 है. नगर पंचायत चुनाव 2026 में लातेहार में नगर पंचायत अध्यक्ष के कुल आठ प्रत्याशियों का भाग का फैसला होगा. इनमें बैजंती देवी, सेलेस्टीन कुजूर, भगतु नगेसिया, मिलयानी कुजूर, महेश सिंह, नीना कुमारी तिर्की, बिलासी तोपनो व सुर्यदेव भगत शामिल हैं.
Jharkhand Nikay Chunav Voting LIVE Update:: 7:44 AM: झारखंड में वोटिंग शुरू, जितेंद्र चौधरी ने डाला पहला वोट
झारखंड नगर निकाय चुनाव की वोटिंग शुरू हो गई है. तय समय 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के बाद जितेंद्र चौधरी वह पहले शख्स हैं जिन्होंने वोट डालने की शुरुआत की है.
Ranchi, Jharkhand: The 2026 municipal elections are currently underway, with voter Jitender Chaudhary being the first to cast his vote from his ward today. pic.twitter.com/POJzy8NSLM
— IANS (@ians_india) February 23, 2026
कितने वोटर्स,कितने वार्ड?
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक इस चुनाव में 43.43 लाख से ज्यादा लोग वोट डाल सकेंगे. यह चुनाव 48 निकायों में हो रहा है, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं. कुल 1,087 वार्ड होने के बावजूद मतदान सिर्फ 1,042 वार्डों में कराया जा रहा है. इसकी वजह यह है कि 41 वार्डों में उम्मीदवार बिना विरोध के जीत चुके हैं और तीन वार्डों में किसी ने नामांकन ही नहीं किया है. इसके अलावा, मानगो नगर निगम के एक वार्ड में प्रत्याशी के निधन के कारण वहां चुनाव फिलहाल रोक दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं