- लंदन से हैदराबाद जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट मंगलवार सुबह नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई.
- हैदराबाद में भारी बारिश के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और नागपुर में उतारा गया.
- विमान में सवार 169 यात्री नागपुर में फंसे हुए हैं और उनकी सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था की गई है.
लंदन से हैदराबाद जा रहा ब्रिटिश एयरवेज का एक विमान बीते 13 घंटे से नागपुर में खड़ा है. इस विमान को आज सुबह हैदराबाद में लैंड करना था. लेकिन बीते 13 घंटे से विमान नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर खड़ा है. इस विमान पर 169 यात्री सवार है. जो अलग-अलग कामों से हैदराबाद जा रहे थे. लेकिन बीच रास्ते में अटकने के कारण परेशान हैं. आखिर इस विमान के साथ ऐसा क्या हुआ कि यह अपने गंतव्य के बदले बीच रास्ते में बीते 13 घंटों से खड़ा है. आइए जानते हैं इस रिपोर्ट में.
सुबह 5.30 में नागपुर में हुई इमरजेंसी लैडिंग
दरअसल लंदन से हैदराबाद जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट बोइंग 787 की मंगलवार सुबह 5.30 बजे नागपुर के एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैडिंग हुई. इस विमान को हैदराबाद जाना था. लेकिन हैदराबाद में हो रही भारी बारिश के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी. इसके बाद पायलट ने नागपुर एयरपोर्ट पर विमान उतारने की अनुमति मांगी.
169 यात्री थे सवार, सभी नागपुर में फंसे
जिसके बाद बोइंग 787 विमान में सवार 169 यात्रियों के साथ विमान को नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतारा गया. लेकिन नागपुर में इमरजेंसी लैडिंग के बाद विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई. जिस कारण यह विमान अभी तक नागपुर के एयरपोर्ट पर ही खड़ी है.
नागपुर में लैडिंग के बाद विमान के GPS में आई खराबी
बताया गया कि नागपुर पहुंचने के बाद विमान के GPS सिस्टम में तकनीकी खराबी पाई गई. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जीपीएस सिस्टम ठीक किए बिना विमान उड़ान नहीं भर सकता. जिसके बाद नागपुर एयरपोर्ट के पास मिहान क्षेत्र में स्थित एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधाओं — एयर इंडिया और इंडेमार — से भी तकनीकी सहायता ली गई, लेकिन खराबी दूर नहीं हो सकी.
ब्रिटिश एयरवेज के इंजीनियर मरम्मत के लिए पहुंच रहे
अब आलम यह है कि विमान अभी तक नागपुर में ही खड़ी है. अब ब्रिटिश एयरवेज ने जानकारी दी है कि उसके इंजीनियर नागपुर पहुंचकर विमान की मरम्मत करेंगे. सभी 169 यात्री सुरक्षित हैं और उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है.
(नागपुर से प्रवीण मुधोलकर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें - रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं