- बसपा प्रमुख ने कहा, गठबंधन का अनुभव अच्छा नहीं रहा है
- सीटों के फैसले तक गठबंधन का हिस्सा बनने का मतलब नहीं
- 27 अगस्त को लालू यादव का भाजपा भगाओ, देश बचाओ रैली
बिहार में लालू यादव की 'भाजपा भगाओ देश बचाओ' रैली में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शामिल नहीं होने का फैसला किया है. बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गठबंधन में शामिल होने के अपने पुराने अनुभव को ठीक न बताते हुए रैली में शामिल नहीं होने का फैसला किया है. लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मायावती ने इसकी पुष्टि की. मायावती के अलावा सीपीएम ने भी रैली में शामिल होने से इंकार किया है.
यह भी पढ़ें : लालू यादव की रैली में कांग्रेस की ओर से गुलाम नबी आजाद कर सकते हैं शिरकत
गठबंधन का अऩुभव अच्छा नहीं
मायावती ने कहा, 'पहले भी पार्टी ने कुछ मौकों पर गठबंधन किया, लेकिन उसका अनुभव अच्छा नहीं रहा. गठबंधन के बाद बसपा की पीठ में छुरा घोंपा गया. मायावती ने कहा कि अकसर यह देखने में आता है कि चुनाव के बाद गठबंधन टूट जाते हैं और सभी लोग अपने हितों की बात करने लगते हैं. जब तक सीटों को लेकर आपस में कोई फैसला नहीं होता, तब तक गठबंधन का हिस्सा बनने का कोई मतलब नहीं है.
यह भी पढ़ें : लालू की रैली को लेकर विपक्षी दलों में क्यों है असमंजस, उठ रहे हैं ये 5 सवाल
VIDEO: BSP के पोस्टर में अखिलेश-मायावती, पार्टी ने कहा-पोस्टर फर्जी
रैली में शामिल नहीं होने के विचार पर सीपीएम ने बताया कि पश्चिमी बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने सीपीएम कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया था, इसलिए वह इस रैली में शामिल नहीं हो रही है.
उधर, इस पार्टियों के रैली में शामिल नहीं होने पर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि इन पार्टियों की राज्य स्तर पर अपनी कुछ परेशानियां हैं, इसलिए रैली में शामिल नहीं हो पा रही हैं, लेकिन भाजपा के खिलाफ सभी पार्टियां एकजुट हैं. सभी पार्टियों का उन्हें समर्थन मिल रहा है.
पोस्टर पर हुआ था विवाद
अभी कुछ दिन पहले ही राजधानी में पोस्टर लगे थे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती को लालू के साथ दिखाया गया था. इसमें कहा गया था कि उत्तर प्रदेश के इन दोनों नेताओं ने 27 अगस्त को पटना में आयोजित लालू प्रसाद की रैली में शामिल होने की मंजूरी दे दी है. बाद में इस पोस्टर को लेकर काफी बवाल हुआ और बसपा ने इस तरह का कोई भी पोस्टर जारी करने से इनकार कर दिया था. पटना के गांधी मैदान में 27 अगस्त (रविवार) को राजद की ओर से 'भाजपा भगाओ, देश बचाओ' रैली का आयोजन किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं