Bihar News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के बीजधरी ओपी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सुन्दरापुर गांव के रहने वाले सौरभ कुमार नाम के एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर स्थानीय पुलिस और थाना अध्यक्ष सीमा कुमारी को सीधे तौर पर धमकी दी. वीडियो में युवक ने न केवल हथियारों के प्रदर्शन का दावा किया बल्कि बीजधरी थाना में घुसकर गोली मारने की भी बात कही.
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में सौरभ कुमार को बेहद आक्रामक अंदाज में देखा गया. उसने अपने भाई की हत्या के मामले में प्रशासन और कुछ ग्रामीणों पर मिलीभगत का आरोप लगाया. युवक ने कहा कि उसे बेवजह परेशान किया जा रहा है और अगर यह बंद नहीं हुआ तो वह गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे. उसने अपनी रसूख और हथियारों की मौजूदगी का रौब दिखाते हुए कहा कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाने में माहिर है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरंत संज्ञान लिया और बीजधरी थाना अध्यक्ष को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए. पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सौरभ कुमार को धर दबोचा. फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या उसके पास वास्तव में कोई हथियार है या वह सिर्फ दहशत फैलाने के लिए यह सब कर रहा था.
एसपी की जनता से अपील
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आम नागरिकों के लिए एक जरूरी संदेश जारी किया. उन्होंने साफ कहा कि कानून अपने हाथ में लेना अपराध है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को भी पुलिसिया कार्रवाई या कार्यशैली से कोई शिकायत है तो वह सीधे उनके कार्यालय में आवेदन दे सकता है या उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकता है.
यह भी पढ़ें- भोजपुर में कल महापंचायत, पुलिस अफसरों पर FIR, भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं