- वैशाली जिले में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे फोरलेन हाईवे के पुल पर लॉन्चर मशीन गिरने से मजदूर घायल हुए
- हादसे में सात मजदूर घायल हुए, जिनमें से तीन को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है
- एक मजदूर मशीन के नीचे डेढ़ घंटे फंसा रहा, जिसे गैस कटर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया
बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे फोरलेन हाईवे के एक पुल पर बड़ा हादसा हो गया. लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर पंचायत स्थित इतवारपुर गांव के पास निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान पुल पर लगी लॉन्चर मशीन अचानक गिर गई. मशीन के नीचे काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायल मजदूरों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया.
सात मजदूर घायल, तीन को अस्पताल रेफर
पुलिस के अनुसार इस हादसे में करीब सात मजदूर घायल हुए हैं. सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया. इनमें से तीन मजदूरों की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है. इसके साथ ही DM ने बताया कि इस हादसे में 7 लोगों को चोट आई है. जिसमें से 4 को प्राथमिक उपचार दे दिया है और 3 का इलाज अभी चल रहा है. इसमें से एक को रेफर किया गया है. अभी किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं आई है, सभी का इलाज किया जा रहा है. इसके साथ ही कंपनी भी इसमें एक जांच रिपोर्ट देगी कि आखिर ये हादसे कैसे हुआ है. पहली नजर में देखने पर ये एक तकनीकी गड़बड़ी ही लग रही है.
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि लॉन्चर मशीन के नीचे दबने से मजदूर घायल हुए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई.
डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे फंसा रहा मजदूर
हादसे के दौरान एक मजदूर का पैर मशीन के हिस्से में फंस गया था. वह करीब डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा. बचाव दल ने गैस कटर की मदद से मशीन के हिस्से को काटा और काफी मशक्कत के बाद मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाला. इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थमी रहीं. मजदूर को बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए भेजा गया.
सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए हैं. अब यह जांच की जा रही है कि निर्माण कंपनी ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं. इस संबंध में एनएच विभाग से भी जानकारी मांगी जाएगी.
तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला
हादसे के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण सामग्री और गुणवत्ता से समझौता ऐसे हादसों की बड़ी वजह हैं. उन्होंने कहा कि सरकार मामले की लीपापोती करने की कोशिश कर सकती है. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल लॉन्चर मशीन गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें- वैशाली नाव हादसा: दो घरों के बुझ गए चिराग, पिता का सहारा चंदन और गांव का कलाकार दीपक नहीं लौटे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं