- पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में तड़के हवाई हमला किया. 9 लोग मारे गए और 11 घायल हुए
- तालिबान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे सभी स्वीकृत सिद्धांतों का उल्लंघन और अपराध बताया
- इस हमले में तीन घर तबाह हो गए जिनमें महिलाएं और बच्चे भी प्रभावित हुए हैं- तालिबान प्रवक्ता ने बताया
पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान पर हमला किया है. अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि गुरुवार के तड़के सुबह हुए पाकिस्तान के हवाई हमलों में 9 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार यह हमला रात के अंधरे में 3 बजे हुआ. यह घटना दक्षिण एशिया के इन दो पड़ोसियों के बीच तीन महीने की शांति के बाद फिर से लड़ाई बढ़ने के दौरान हुई है. अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया वेबसाइट X पर कहा कि इन हमलों में कुनार और हेलमंद प्रांतों में तीन घर तबाह हो गए.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की सेना ने टिप्पणी के अनुरोध पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. बता दें कि कभी सहयोगी रहे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच उग्रवाद को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है. इस्लामाबाद का आरोप है कि काबुल उन उग्रवादियों को पनाह देता है जो सीमा पार से हमले करते हैं. हालांकि तालिबान सरकार इस आरोप से इनकार करती है और कहती है कि उग्रवाद पाकिस्तान की आंतरिक समस्या है.
इससे पहले पाकिस्तान हफ्ते की शुरुआत में भी अफगानिस्तान पर हमला किया था. तब सोमवार को पाकिस्तान ने कहा था कि उसके सुरक्षा बलों ने अफ़गानिस्तान से लगी सीमा पर आतंकवादी कैंपों और ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें कई आत्मघाती हमलावरों समेत 28 आतंकवादी मारे गए. जबकि अफगानिस्तान कहता है कि पाकिस्तान मासूम अफगानी लोगों पर हमला करता है.
बता दें कि पाकिस्तान अफगानिस्तान में तेजी से सीधे सैन्य बल का इस्तेमाल करने की ओर बढ़ रहा है, क्योंकि इस्लामाबाद न तो काबुल की सरकार को नियंत्रित कर सकता है और न ही उसका कोई प्रभावी विकल्प खड़ा कर सकता है.
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान का 48 घंटों में फिर अफगानिस्तान पर हवाई हमला, सुप्रीम लीडर के गढ़ कंधार समेत 10 ठिकानों पर बमबारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं