विज्ञापन

वैशाली नाव हादसा: दो घरों के बुझ गए चिराग, पिता का सहारा चंदन और गांव का कलाकार दीपक नहीं लौटे

वैशाली के राघोपुर में मंगलवार को 11 लोगों को लेकर जा रही एक निजी नाव गंगा नदी में आगे बढ़ रही थी. बाढ़ के पानी में छिपे एक बोल्डर से नाव टकरा गई थी.

बिहार में वैशाली नाव हादसे में 9 लोगों की जान बच गई है और 2 लोगों की मौत हो गई है.
  • वैशाली जिले के राघोपुर के तेरसिया दियारा इलाके में नाव हादसे में लापता दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं
  • नाव गंगा नदी में बाढ़ के पानी में छिपे बोल्डर से टकराकर पलटी, जिससे दो युवक तेज धार में लापता हो गए थे
  • नौ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि चंदन कुमार और दीपक नामक दो युवक की मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है

बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार को राघोपुर के तेरसिया दियारा इलाके में महात्मा गांधी सेतु के पास हुए नाव हादसे में लापता दूसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया गया है. वैशाली के एसपी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है. इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की तलाश का अभियान खत्म हो गया है, लेकिन उनके परिवारों का दर्द और गहरा हो गया है.

11 लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई

यह हादसा उस समय हुआ जब 11 लोगों को लेकर जा रही एक निजी नाव गंगा नदी में आगे बढ़ रही थी. बाढ़ के पानी में छिपे एक बोल्डर से नाव टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि नाव अनियंत्रित होकर पलट गई. नाव डूबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार गूंज उठी. स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो युवक गंगा की तेज धार में लापता हो गए थे.

पहले चंदन फिर दीपक का मिला शव

हादसे के बाद चलाए गए खोज अभियान में सबसे पहले 20 वर्षीय चंदन कुमार का शव बरामद हुआ. इसके बाद प्रशासन ने लगातार तलाश जारी रखी. कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को दूसरे लापता युवक दीपक का शव भी बरामद कर लिया गया. एसपी शुभंक मिश्रा और जिलाधिकारी वर्षा सिंह पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे थे.

दो घरों के बुझ गए चिराग

चंदन कुमार अपने पिता के साथ सब्जी बेचने का काम करता था. वह कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था और घर का बड़ा सहारा माना जाता था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं दीपक गांव का एक प्रतिभाशाली कलाकार था. अपनी कला और मिलनसार स्वभाव के कारण वह गांव के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था. उसकी असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

दोनों शवों की बरामदगी के बाद तेरसिया दियारा और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार गांव में किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला. हर तरफ केवल मातम और गम का माहौल दिखाई दे रहा है. परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. प्रशासन ने दोनों शवों की पहचान की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि नदियों का जलस्तर बढ़ने के दौरान नाव यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और जोखिम उठाने से बचें.

यह भी पढ़ें- धनबाद कोयलांचल में धंसी जमीन, एक बच्चे की मौत, 5 मलबे में दबे; अवैध खनन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
 Bihar, Bihar Boat Accident, Bihar Accident Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com