बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लड़की ने अदालत में अपने प्रेमी की जगह माता-पिता को चुना और उनके साथ ही रहने के लिए राजी हो गई. प्रेमिका जब कोर्ट में अपने वादे से मुकर गई, तो प्रेमी यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाया. दिल टूटने और डिप्रेशन के चलते उसने आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि युवक ने पहले युवती के साथ घर से भागकर शादी रचा ली थी. लेकिन बाद में जब यह मामला कोर्ट में पहुंचा तो यहां प्रेमिका उसके साथ रहने से मुकर गई और वापस अपने माता-पिता के घर चली गई थी.
ड्राइवर था युवक
घटना वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में आने वाले खेसराही गांव की है. मृतक युवक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से जेसीबी ड्राइवर था. बताया जा रहा है कि आशीष और मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की के बीच प्रेम प्रसंग था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घर के लोग राजी नहीं थे. ऐसे में दोनों ने घर से भागकर शादी भी रचा ली थी. इस बीच नंदनी के पिता ने पुलिस में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था. जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़कर कोर्ट में पेश किया था.
ये भी पढ़ेंः आज कहानी खत्म कर देंगे... 9 साल के बेटे ने मामा को वीडियो कॉल कर बताया- पापा ने मां को गोली मार दी
प्रेमिका ने माता-पिता को चुना
अदालत के भीतर जो हुआ, उसने आशीष को पूरी तरह तोड़कर रख दिया. कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान देते हुए प्रेमिका नंदनी ने अपने प्रेमी का साथ छोड़ दिया और कहा कि वह अपने माता-पिता के साथ रहने के लिए तैयार थी. प्रेमिका के इस फैसले से आशीष गहरे डिप्रेशन में चला गया और उसने खेसराही गांव में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए FSL की टीम को बुलाया गया और मौके से साक्ष्य जुटाए गए है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित परिवार की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. लेकिन वैशाली जिले का यह मामला चर्चा में बना हुआ है.
ये भी पढ़ेंः कानपुर में SBI बैंक के लॉकर से 50 लाख के जेवर गायब, 2003 से कटता रहा किराया, बिना चाबी के कैसे खुला ताला ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं