- घटना का वीडियो वायरल होकर चर्चा का विषय बन गया
- एक व्यक्ति के शिकायत करने पर भड़क गए अश्विनी चौबे
- शिकायत थी कि पुलिस कर्मी गुंडा एक्ट में फंसाना चाह रहा
बिहार के बक्सर पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने 'जनता दरबार' में एक पुलिस के एसएसआई से कहा कि तुम्हारी वर्दी उतरवा लेंगे. इसके बाद इस घटना का वीडियो वायरल होकर चर्चा का विषय बन गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे सोमवार से बक्सर के दौरे पर हैं. इस दौरान डुमराव में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस आयोजन में अश्विनी चौबे ने भरे जनता दरबार में डुमराव थाने के एएसआई को वर्दी उतरवा लेने की धमकी दे डाली.
यह घटना उस वक्त हुई जब जनता दरबार में एक व्यक्ति ने केंद्रीय राज्यमंत्री से पुलिस की शिकायत की. शिकायत में कहा गया कि उसे पुलिस कर्मी गुंडा एक्ट में फंसाना चाह रहा है. इसी बात को लेकर अश्विनी चौबे भड़क गए और भीड़ भरे कार्यक्रम में एएसआई को वर्दी उतार लेने की धमकी दे डाली.
इस पूरे प्रकरण का वीडियो वायरल होने के बाद से मंत्री की वर्दी उतरवाने की धमकी चर्चा का विषय बनी हुई है.
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे के वाहन के दस्तावेजों की जांच न करने को लेकर हाल ही में बिहार पुलिस के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया. पटना के पुलिस आयुक्त आनंद किशोर ने दोनों पुलिसकर्मियों को अश्विनी चौबे के बेटे अरिजीत के वाहन के दस्तावेजों की जांच न करने पर सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) व कांस्टेबल को ड्यूटी से सस्पेंड कर दिया. एक अधिकारी के अनुसार, किशोर ने दोनों पुलिसकर्मियों से उस वाहन की जांच करने को कहा था, जिसमें अरिजीत चौबे, उनकी पत्नी व मां यात्रा कर रही थीं. पुलिस ने वाहन को रोका, लेकिन दस्तावेज की जांच नहीं की. किशोर ने एएसआई देवपाल पासवान व कांस्टेबल दिलीप चंद्र के निलंबन का आदेश दिया. किशोर खुद वाहन जांच मुहिम की निगरानी कर रहे हैं.
VIDEO : गाड़ी रोकने पर भड़क गए अश्विनी चौबे, अफसर को दी धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं