बिहार के कटिहार जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. पोठिया थाना क्षेत्र के शब्दा पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित रुचदेव सिमरिया लोहनी गांव में एक 13 वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि बच्ची के बड़े चाचा ने ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने की बात को लेकर उस पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई.
चाचा और परिवार के अन्य लोगों पर आरोप
मृत बच्ची की पहचान कोमल कुमारी (13) के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि कोमल के बड़े चाचा अखिलेश मंडल ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की. आरोप है कि ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने की बात को लेकर बच्ची को बुरी तरह पीटा गया. पिटाई इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पोठिया थाना प्रभारी नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद आरोपी पक्ष घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
पहले ही मां का साया उठ चुका था
परिजनों के अनुसार, कोमल की मां का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था. वह चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी. मां के निधन के बाद उसका पालन-पोषण उसकी छोटी चाची मनीषा देवी कर रही थीं. परिवार को उम्मीद थी कि कोमल पढ़-लिखकर बेहतर भविष्य बनाएगी, लेकिन एक झगड़े ने उसकी जिंदगी छीन ली.
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी की मौत के बाद पिता दिलीप कुमार मंडल, बहन अंजली कुमारी, ज्योति कुमारी, वंदना और भाई नंदू कुमार सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है. लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- भाजी की सब्जी बनाने के विवाद में पत्नी को मार डाला, घर के आंगन में ही जलाया शव ; DNA जांच से खुला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं