छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. यहां के कापू थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सब्जी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या के बाद शव को घर के आंगन में जला दिया और बाद में पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले को छिपाने की कोशिश की. हालांकि DNA जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया.अहम बात ये भी है कि 4 साल पहले ही आरोपी देवानंद और चमेली के बीच प्रेम संबंध हुए थे. जिसके बाद दोनों पति-पत्नी के तौर पर साथ रह रहे थे. दोनों की कोई संतान नहीं थी.
सब्जी को लेकर हुआ था झगड़ा
पुलिस के अनुसार ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार और उसकी पत्नी चमेली सिदार के बीच 16 अप्रैल 2026 की रात भाजी की सब्जी बनाने को लेकर विवाद हुआ था.
घटना के करीब 12 दिन बाद 28 अप्रैल को देवानंद कापू थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी. उसने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल की रात उसकी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई थी.पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट पर जांच शुरू की, लेकिन पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान और परिस्थितियों में कई विरोधाभास सामने आए. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया.
मायके वालों को भी हुआ था शक
पुलिस जांच में मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की गई. परिजनों ने बताया कि घटना के दो दिन बाद आरोपी उनके यहां पहुंचा था और चमेली के बारे में जानकारी ली थी. बाद में जब चमेली का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार को संदेह होने लगा.जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से जले हुए अस्थि-अवशेष बरामद किए. FSL टीम की मौजूदगी में नमूने एकत्र कर DNA परीक्षण के लिए भेजे गए. DNA रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद अवशेष चमेली सिदार के ही थे. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया.
तीन दिन तक कैंप कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था. उसकी तलाश में टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में लगातार तीन दिन तक कैंप किया. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.ASP अनिल कुमार सोनी ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट से शुरू हुई जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे हत्या तक पहुंची. DNA जांच से मृतका की पहचान सुनिश्चित होने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में कार्रवाई की गई है.
ये भी पढ़ें: कहां मिलते हैं कोबरा-करैत, किन जिलों में है सबसे बड़ा खतरा ? MP में शुरू हुआ बड़ा स्नेक सर्वे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं