Bihar News: बिहार के रोहतास जिले में मंगलवार दोपहर पुलिस की एक टुकड़ी बेगूसराय से डेहरी मुख्यालय लौट रही थी. तभी सिकठी गांव के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस बस को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार जवान अपनी सीटों से नीचे गिर गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
घायलों की स्थिति और उपचार
इस दुर्घटना में शंकर हांसदा, उमेश पासवान, कृष्ण मुरारी, सविता कुमारी, सुजाता देवी, पूजा कुमारी, अमृता कुमारी, लाडली कुमारी, अन्नपूर्णा कुमारी, फुला कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, सलोनी कुमारी और रिंकू कुमारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
डॉक्टरों के अनुसार अधिकतर जवानों को मामूली चोटें आई हैं. हालांकि नंदनी कुमारी के दांत में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया है. शेष सभी जवान खतरे से बाहर हैं.
प्रशासनिक जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज एसडीएम प्रभात कुमार, नोखा बीडीओ, सीओ और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रक चालक की लापरवाही का लग रहा है.
पुलिस ने ट्रक और बस दोनों को जब्त कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. राहत की बात यह है कि इस भीषण टक्कर के बावजूद किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सभी घायल जवान स्थिर हैं. प्रशासन दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रहा है.
यह भी पढ़ें-
Tesla की कार ने तोड़ी दीवार, महिला की मौत के बाद ऑटो-पायलट मोड पर उठे सवाल तो Elon Musk ने दिया जवाब
हादसे में टूटीं 9 पसलियां, फिर भी दी NEET परीक्षा, बाहर खड़ी रही एंबुलेंस, सरकार ने किए खास इंतजाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं