बिहार में शिक्षकों के तबादले से जुड़ी नई नीति पर मुहर लग गई है. अब राज्य में शिक्षकों को ट्रांसफर के लिए इधर से उधर दौड़ना नहीं पड़ेगा. बुधवार को कैबिनेट बैठक में बिहार राज्य शिक्षक स्थानान्तरण नियमावली, 2026 के गठन को मंजूरी दी गई. इस नई नीति के जरिए अब शिक्षकों का ट्रांसफर आसानी से और पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन पोर्टल के जरिए होगा. ट्रांसफर के दौरान नई नीति के तहत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, दिव्यांगता, पति-पत्नी के एक ही स्थान पर पोस्टिंग समेत अन्य मानवीय आधारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
शिक्षकों का होगा जिला कैडर
कैबिनेट बैठक के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि हमारे शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उनकी वास्तविक समस्याओं और आवश्यकताओं का सम्मान करते हुए एक निष्पक्ष और पारदर्शी ट्रांसफर सिस्टम लाया गया है. इससे पहले कैमूर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के ट्रांसफर को नया सिस्टम लाने की घोषणा की थी. मिथिलेश तिवारी ने बताया कि शिक्षकों का जिला कैडर बनेगा. जो शिक्षक जिस जिले का चयन करेंगे, वहीं के होकर रह जाएंगे.
किसी कहां ट्रांसफर की अनुमति
शिक्षा मंत्री के ऐलान के बाद अब कैबिनेट बैठक में टीचर ट्रांसफर पर नई नीति को मंजूरी दे दी गई. नए नियम में महिला शिक्षक को उनकी पंचायत को छोड़कर उसी प्रखंड की निकटवर्ती पंचायत में ट्रांसफर करवाने की अनमति होगी. वहीं पुरुष शिक्षक अपने प्रखंड से अलग जिले के अंदर किसी पास के प्रखंड में पोस्टिंग ले सकेंगे. हालांकि, यह नियम स्वास्थ्य कारणों, पति - पत्नी की पोस्टिंग, दिव्यांगता और पारिवारिक परिस्थितियों के आधार पर होने वाले लागू होगा.
शिक्षकों के हित में बिहार सरकार का ऐतिहासिक निर्णय।
— Education Department, Bihar (@BiharEducation_) June 24, 2026
मंत्रिपरिषद् ने "बिहार राज्य शिक्षक स्थानान्तरण नियमावली, 2026" के गठन को स्वीकृति प्रदान की है। अब शिक्षकों का स्थानान्तरण पोर्टल आधारित, पारदर्शी एवं नियमबद्ध तरीके से होगा। (1/2)
इसके अलावा जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां प्राथमिकता से शिक्षकों की तैनाती की जाएगी, ताकि शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात बेहतर हो सके और पढ़ाई का स्तर मजबूत बने. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, यह नियमावली शिक्षकों के हित, विद्यार्थियों की जरूरत और विद्यालयों की आवश्यकताओं के बीच संतुलन स्थापित करेगी. नियमावली अधिसूचित होने के बाद शिक्षकों के तबादले (ट्रांसफर) की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी होगी.
यह भी पढे़ं-
बिहार के 5 जिलों में यूनिवर्सिटी, शिक्षकों के ट्रांसफर... सम्राट कैबिनेट के पढ़ें 10 बड़े फैसले
सम्राट चौधरी ने कैबिनेट बैठक में लिए 45 बड़े फैसले, पटना-मुंगेर से लेकर नवादा, सीवान, मधुबनी को सौगात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं