दुनिया के तमाम देशों में 18 साल की उम्र में कोई छात्र ज्यादा से ज्यादा कॉलेज तक पहुंच पाता है, लेकिन अमेरिका में एक युवक ने कुछ ऐसा कर दिया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. फ्लोरिडा के रहने वाले नाथन थॉमस ने महज 18 साल और 346 दिन की उम्र में कॉलेज प्रोफेसर बनकर इतिहास रच दिया है और अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है. नाथन ने इसके साथ ही 306 साल पुराना रिकॉर्ड ब्रेक किया है. यही वजह है कि आज उनकी हर तरफ चर्चा हो रही है.
अपनी उम्र से बड़े छात्रों को दे रहे क्लास
नाथन थॉमस ने अमेरिका के 'मियामी डेड कॉलेज'में इंजीनियरिंग इंस्ट्रक्टर यानी प्रोफेसर के पद पर जॉइन किया है, जहां वे अपनी ही उम्र के या खुद से बड़े छात्रों को पढ़ा रहे हैं. ये उनके लिए किसी बड़ी अचीवमेंट से कम नहीं है.
10 साल की उम्र में चले गए थे कॉलेज
नाथन थॉमस की पढ़ाई का सफर बचपन से ही काफी शानदार और अलग रहा. उन्होंने महज 10 साल की उम्र में ही कॉलेज की पढ़ाई शुरू कर दी थी. उन्होंने मियामी डेड कॉलेज में पढ़ाई की. इसके बाद 14 साल की उम्र में नाथन फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी चले गए. जिस उम्र में लोग कॉलेज शुरू करते हैं, उस 18 साल की उम्र में नाथन ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ऑनर्स के साथ बैचलर और मास्टर डिग् दोनों पूरी कर ली थीं.
इससे पहले किसके नाम दर्ज था रिकॉर्ड?
नाथन ने जो 306 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है, वो स्कॉटलैंड के गणितज्ञ कोलिन मैकलॉरिन के नाम दर्ज था. उन्होंने 1717 में 19 साल की उम्र में प्रोफेसर बनकर ये रिकॉर्ड बनाया था. हालांकि अब इस 18 साल के युवा ने ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है. नाथन ने अगस्त 2023 में मियामी डेड कॉलेज में इंजीनियरिंग के लिए C प्रोग्रामिंग भाषा विषय पढ़ाना शुरू किया था.
अब 21 साल के हो चुके हैं नाथन
नाथन अब 21 साल के हो चुके हैं और पढ़ाने के साथ-साथ वो यूनिवर्सिटी ऑफ मियामी से कानून की पढ़ाई कर रहे हैं. उनके माता-पिता दोनों ही इंजीनियर हैं. नाथन ने कहा कि वो जब पढ़ाने जाते हैं तो सिर्फ एक ही चीज उनके दिमाग में रहती है कि दूसरों को कुछ नया सिखाना है. अपने हम उम्र छात्रों की वो काफी मदद भी करते हैं.
ये भी पढ़ें - Success Story: दो दोस्त की एक साथ लगी सरकारी नौकरी, फ्रेंडशिप डे की सुबह मिली गुड न्यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं