दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के मोदीपुरम के बीच चलने वाली नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) को लेकर बड़ी खबर है. सावन का महीना शुरू हो चुका है और इसी के साथ कांवड़ यात्रा भी जारी है. कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए नमो भारत की व्यवस्था में भी बदलाव किए गए है. कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत के कई स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट बंद रखे जाएंगे. नई व्यवस्था आज ही से शुरू होगी और 12 अगस्त तक जारी रहेगी.
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट
RRTS ने कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए नमो भारत के कई स्टेशनों के कुछ एंट्री और एग्जिट गेट को अस्थाई तौर पर बंद रखने का फैसला लिया है. 4 अगस्त से 12 अगस्त तक लागू व्यवस्था के तहत कुछ गेट बंद रहेंगे. हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य एंट्री और एग्जिट गेट खुले रहेंगे.
किन स्टेशनों पर कौन-से गेट बंद रहेंगे?
नमो भारत की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अलग-अलग स्टेशनों के कुछ एंट्री और एग्जिट गेट को अस्थाई तौर पर बंद रखा जाएगा.
- बेगमपुल स्टेशन पर गेट संख्या दो और तीन बंद रहेंगे
- दुहाई स्टेशन पर गेट संख्या तीन और चार बंद रहेंगे
- गाजियाबाद स्टेशन पर गेट संख्या तीन और पांच को बंद रखा जाएगा
इसके अलावा इन स्टेशनों पर गेट संख्या 2 बंद रहेगा-
- मोदीपुरम
- मेरठ नार्थ
- एमईएस कालोनी
- भैसाली
- मेरठ सेंट्रल,
- ब्रह्मपुरी,
- शताब्दी नगर,
- रिठानी,
- परतापुर,
- मेरठ साउथ,
- मोदीनगर नार्थ,
- मोदीनगर साउथ,
- मुरादनगर
- गुलधर
पार्किंग व्यवस्था भी अस्थाई रूप से बंद
नमो रेल के जिन स्टेशनों के जिन-जिन गेट को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा, उन गेट्स की ओर पार्किंग सुविधाएं भी बंद रहेंगी. यानी लोग पार्किंग का भी उपयोग नहीं कर सकेंगे.
एंट्री और एग्जिट गेट की व्यवस्था में बदलाव से इतर ट्रेन के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेन सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहेंगी.
बता दें कि नमो भारत RRTS की ट्रेन सेवा हर दिन सुबह 6 बजे से शुरू होती है और आम तौर पर रात के 10 बजे तक चलती है. दोनों ही ओर से हर आठ मिनट के अंतराल पर दूसरी ट्रेन आती है.
ये भी पढ़ें: PF कटौती की सैलरी लिमिट 15,000 से बढ़कर 25,000 रुपये होगी! समझिए आपको कैसे फायदा होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं