बिहार के समस्तीपुर से एक ऐसा मामला आया है, जिसने एक बार फिर महिला सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक शादीशुदा की मांग में जबरदस्ती सिंदूर भर दिया. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर पांच आरोपियों को नामजद किया है. मुख्य आरोपी कुंदन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. कुंदन को बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है.
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि पीड़िता की उम्र 38 साल है और वह तीन बच्चों की मां है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में एक युवक लोगों की मौजूदगी में महिला की मांग में सिंदूर भरता दिखाई दे रहा है. महिला इसका विरोध करती और खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आती है.
वीडियो में कुछ लोग युवक को रोकने की कोशिश करते भी दिख रहे हैं. लेकिन फिर भी उसने महिला की मर्जी के बिना उसकी मांग में सिंदूर भर दिया.
आरोपी और महिला एक-दूसरे को जानते हैं
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी कुंदन और महिला के बीच पहले से जान-पहचान थी. दोनों की बातचीत भी होती थी. दोनों के घरों की दूरी 500 मीटर से भी कम है.
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले किसी तरह का संबंध था या नहीं, यह जांच का वि।य है. उन्होंने बताया कि आरोपी युवक महिला से शादी करना चाहता था, जबकि महिला इसका विरोध कर रही थी.
डीएसपी ने बताया कि महिला का पति दूसरे राज्य में मजदूरी करता है, लेकिन फिलहाल वह गांव आया हुआ था और यहीं मजदूरी कर रहा था.
5 लोगों पर FIR दर्ज
महिला की शिकायत पर 5 आरोपियों को नामजद किया गया है. डीएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में कुछ और लोग भी घटना के वक्त मौजूद दिखाई दे रहे हैं. उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
(समस्तीपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं