Bihar News: बिहार की राजधानी पटना से डिलीवरी बॉयज यानी गिग वर्कर्स के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. पटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में गिग वर्कर्स के लिए अत्याधुनिक एसी लाउंज तैयार किए गए हैं. देश में ऐसा सराहनीय कदम उठाने वाला पटना तीसरा शहर बन गया है. अब तक यह सुविधा केवल चेन्नई और कोयंबटूर में ही उपलब्ध थी.
इन सुविधाओं से लैस होंगे लाउंज
फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत शहर के दो प्रमुख स्थानों में शुरू की गई है. जो कि इनकम टैक्स गोलंबर और गांधी मैदान के पास की गई है. नगर विकास विभाग द्वारा तैयार इन लाउंज का मुख्य उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स को एक सुरक्षित और आरामदायक 'स्टे पॉइंट' प्रदान करना है. ये लाउंज पूरी तरह से वातानुकूलित हैं, जहां भीषण गर्मी में वर्कर्स कुछ पल सुकून के बिता सकेंगे.
लाउंज की प्रमुख विशेषताएं
क्षमता और बैठने की व्यवस्था में एक बार में 10-15 वर्कर्स के बैठने के लिए आरामदायक सोफे लगाए गए हैं. अत्याधुनिक सुविधाएं भी है जिसमें मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और ठंडे पानी के लिए वॉटर कूलर की व्यवस्था की गई है. साथ ही सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. यह सेवा वर्कर्स के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी.
योजना का होगा विस्तार
नगर विकास विभाग ने इस परियोजना का दायरा बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है. आने वाले समय में पटना के अलग-अलग हिस्सों में कुल 85 लाउंज स्थापित किए जाएंगे. स्विगी, जोमैटो और अन्य ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं से जुड़े सभी वर्कर्स इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं. इन लाउंज के रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी पटना स्मार्ट सिटी टीम की होगी.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं