बिहार के मुजफ्फरपुर में एक थार से युवक का अपहरण कर लिया गया. गाड़ी पर आरजेडी के जिला सचिव का बोर्ड और पार्टी का बैनर लगा हुआ था. अपहरण के बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और घायल युवक को सड़क पर फेंक कर बदमाश फरार हो गए. पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के महज तीन घंटों के भीतर ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली है. थार गाड़ी को भी सरैया थाना क्षेत्र से जब्त कर लिया गया है.
मारपीट के बाद युवक को सड़क पर फेंका
मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस के पास का मामला है. रविवार (5 जुलाई) शाम करीब 4 बजे पुलिस को शिकायत मिली कि मोहम्मदपुर थाना के पुलिस को कुछ बदमाशों द्वारा किडनैपिंग के मामले को अंजाम देने की जानकारी मिली. पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. कुछ ही देर बाद बदमाशों ने युवक की जमकर पिटाई की और ब्रह्मपुरा क्षेत्र के चांदनी चौक में सड़क पर फेंक दिया.
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस युवक तक पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई. सबूतों के आधार पर पुलिस सरैया क्षेत्र में पहुंची और यहां से थार गाड़ी को जब्त कर आरोपी मोहम्मद रहमान को गिरफ्तार किया. दामोदरपुर का रहने वाले रहमान के राजद से जुड़े होने की बात सामने आई है. बदमाश से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई.
पूरे जिले में पुलिस का अलर्ट
मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के महज 3 घंटे के भीतर ही थार और आरोपी युवक तक पुलिस पहुंच गई. उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों की तलाश के लिए जिले में अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढे़ंः शेयर में मुनाफा कमाने के चक्कर में ठगी का शिकार तो नहीं हो रहे! इन कंपनियों ने किया 500 करोड़ का साइबर स्कैम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं