विज्ञापन

बिहार: पुलिस बोली थी- 'बड़ी घटना होगी तब आना', आज बेटों ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या

Bihar Crime: नालंदा में जमीन विवाद ने रिश्तों का कत्ल कर दिया. दो बेटों ने मिलकर अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी और भांजे को बंधक बनाया. आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद सुरक्षा नहीं दी जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.

बिहार: पुलिस बोली थी- 'बड़ी घटना होगी तब आना', आज बेटों ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या
Nalanda Crime: दो बेटों ने मिलकर अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से रिश्तों को शर्मिंदा करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए. चंडी थाना क्षेत्र के बदौरा नर्संडा गांव में दो बेटों ने महज चंद बीघे जमीन के लिए अपनी ही जन्म देने वाली मां की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका जिलावी देवी पिछले कई दिनों से अपनी जान की भीख मांग रही थी लेकिन उसे मौत ही नसीब हुई.

जमीन का लालच और खूनी खेल

ग्रामीणों के अनुसार मृतका के दो बेटे चंद्रभूषण और रविशंकर पिछले कई महीनों से जमीन को अपने नाम करवाने के लिए मां पर दबाव बना रहे थे. विवाद इतना बढ़ गया कि मां ने जमीन देने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों बेटों ने मिलकर खौफनाक साजिश रची. उन्होंने न सिर्फ अपनी मां का गला रेत दिया बल्कि घर में मौजूद अपने भांजे के भी हाथ-पैर बांध दिए ताकि वह शोर न मचा सके और किसी को सूचना न दे पाए.

पुलिस की संवेदनहीनता पर उठे सवाल

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की भूमिका है. मृतका के छोटे बेटे रवि राज और भाई मुन्ना राम ने आरोप लगाया कि जिलावी देवी ने पहले ही चंडी थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी जान का खतरा बताया था. परिजनों का दावा है कि जब पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई गई तो पुलिस ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि "जब कोई बड़ी घटना होगी तब आना." आज वही लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई.

आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन

घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और लोगों में पुलिस के खिलाफ भारी गुस्सा है. नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. करीब तीन घंटे तक पुलिस और जनता के बीच तीखी नोकझोंक चलती रही.

बाद में हिलसा डीएसपी शैलजा कुमारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ भेज दिया है और फरार बेटों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें- सुसाइड या धर्मांतरण का दबाव? नाबालिग छात्र की मौत के बाद भाई का सनसनीखेज आरोप-'लड़की के कहने पर किया खतना'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com