विज्ञापन

"जात-पात से काम नहीं चलेगा,अपराधियों को एक साथ फांसी दो", जमुई एनकाउंटर पर बोले तेजस्वी यादव

बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर राजनीति तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर फिर से निशाना साधा है. 

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमुई कांड पर फिर बड़ा बयान दिया है.
  • जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की के साथ हुई कथित अभद्रता की घटना ने राजनीतिक बयानबाजी को बढ़ावा दिया है
  • नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपराधियों को जाति से परे मानते हुए फांसी की सजा देने की मांग की है
  • तेजस्वी यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि वे जाति के नाम पर मुद्दे को भटकाने का प्रयास कर रही है

बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की के साथ कथित अभद्रता की घटना को लेकर सियासत गरमा गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर राज्य सरकार को घेरते हुए कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर राजनीति और जात-पात की चर्चा नहीं होनी चाहिए बल्कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

अपराधियों को फांसी देने की मांग

तेजस्वी यादव ने कहा कि जात-पात से काम नहीं चलेगा. ऐसे अपराध करने वालों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए चाहे वह कोई भी हो और किसी भी जाति का हो. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी लोगों को एक साथ फांसी की सजा दी जानी चाहिए. अपराधियों की कोई जाति नहीं होती जो अपराध करे उसे सजा मिलनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि यह कोई छोटी या सामान्य घटना नहीं है. इस मामले को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है और सरकार की आलोचना भी हो रही है. उनके अनुसार ऐसी घटनाओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए और यह बताना चाहिए कि दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है.

सरकार पर भी साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने कहा कि इससे पहले भी बिहार में कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं. सरकार को बताना चाहिए कि उन मामलों में क्या कार्रवाई हुई और पीड़ितों को न्याय मिला या नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मुद्दे में जात-पात का सवाल लेकर आ जाती है.

उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का काम सिर्फ विज्ञापन देना और फोटो खिंचवाना रह गया है. उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार क्या कर रही है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल जमुई में हाल ही में एक लड़का और लड़की साथ घूमने निकले थे. आरोप है कि लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया. उनसे सवाल-जवाब किए गए और बाद में दोनों के साथ मारपीट और गलत हरकतें की गईं. घटना सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है. मामले को लेकर लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.

यह भी पढ़ें- बिहार के जमुई में नाबालिग के साथ छेड़छाड़, तेजस्वी यादव के निशाने पर सीएम सम्राट चौधरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Jamui Incident, Tejashwi Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com