- बिहार सरकार ने पेश किया बजट
- डिप्टी सीएम ने कहा बिहार का विकास दर बढ़ा
- विपक्ष पर भी सुशील मोदी ने किया हमला
बिहार के वित्त मंत्री और डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने मंगलवार को राज्य का बजट पेश किया. इस दौरान वह विरोधियों पर जहां आक्रमक दिखे वहीं जनता को इशारों इशारों में कई बातें कहीं. उन्होंने इस दौरान बिहार के विकास दर का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि बिहार ने 11.3 फीसदी की दर से विकास किया है जो पूरे देश में सबसे आगे है. लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें यह नहीं दिखता. बजट पेश करते हुए मोदी ने कहा कि आज बिहार जो सोचता है वही दूसरे राज्य फॉलो करते हैं. सुशील मोदी इस दौरान विपक्ष पर हमला भी करते दिखे. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का काम ही सिर्फ विरोध करना रह गया है. हम जनता के लिए काम करने आए हैं और करेंगे, जिसे जो कहना है वह कहे. उन्होंने बजट भाषण में कहा कि इस साल का बजट 2 लाख 501 करोड़ रुपए का है. बजट में बिहार के 11 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी दी गई है.
मोदी ने नालंदा में डेंटल कॉलेज का निर्माण करने की घोषणा की. जबकि, सूबे के सूखाग्रस्त किसानों को 1420 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया है. आयुष्मान भारत योजना के तहत होने वाले इलाज के लिए 335 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. पीएमसीएच को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने के लिए 5554 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है.सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था पिछले साल 9.9% थी जो बढ़कर 11.3% हो गई. बिहार का बजट 2007-08 से ही रेवेन्यू सरप्लस रहा है.
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) February 12, 2019
बजट पेश करते समय में डिप्टी सीएम शायराना अंदाज में भी दिखे. उन्होंने शायरी के सहारे विपक्ष पर तो हमला किया ही लेकिन आम जनता तक भी अपनी बात पहुंचाने से पीछे नहीं रहे. उन्होंने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा - नजर को बदलो, तो नजारे बदल जाते हैं, सोच को बदलो, तो सितारे बदल जाते हैं. कश्तियां बदलने की जरूरत नहीं है, दिशा को बदलो, किनारे खुद ब खुद बदले जाते हैं. वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि - टूटने लगे तो हौसले तो याद रखना, बिना मेहनत के तख्तो ताज नहीं मिलते. ढूंढ लेते हैं अंधेरे में मंजिल अपनी, क्योंकि जुगनू रोशनी के मोहताज नहीं होते.
VIDEO: लालू परिवार पर सुशील मोदी का हमला.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं