विज्ञापन

58 बच्चे और 4 पत्नियां, गरीब होकर भी लगातार परिवार बढ़ा रहा अफगानी शख्स; बोला- नाम भी याद नहीं रहते

अफगानिस्तान के इस अफगानी शख्स के असल में 70 से ज्यादा बच्चों के पिता हैं, लेकिन उनमें से अभी 58 जीवित हैं. इस परिवार के पास दो जून खाने को नहीं है लेकिन यह शख्स परिवार बढ़ाना छोड़ नहीं रहा है. इसके सबसे छोटे बच्चे की उम्र केवल तीन महीने की है.

58 बच्चे और 4 पत्नियां, गरीब होकर भी लगातार परिवार बढ़ा रहा अफगानी शख्स; बोला- नाम भी याद नहीं रहते
मुहम्मद सादिक 70 से ज्यादा बच्चों के पिता हैं, जिनमें से 58 बच्चे जीवित हैं (फोटो- सोशल मीडिया)

अफगानिस्तान में एक ऐसा शख्स है जिसके 58 जिंदा बच्चे हैं, उसे अपने सभी बच्चों के नाम नहीं याद, वह इतना गरीब है कि उनकी बुनियादी जरूरतें तक पूरी नहीं कर सकता, लेकिन इसके बावजूद वह अपना परिवार बढ़ाए जा रहा है. मुहम्मद सादिक की चार पत्नियां हैं. 'बीबीसी ग्लोबल विमेन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुहम्मद सादिक तो असल में 70 से ज्यादा बच्चों के पिता हैं, लेकिन उनमें से अभी 58 जीवित हैं. उनका सबसे छोटा बच्चा अभी सिर्फ तीन महीने का है. सादिक ने रुकने का नहीं सोचा है.

घोर गरीबी लेकिन बच्चे हुए जा रहे

रिपोर्ट के अनुसार यह परिवार घोर गरीबी में रहता है. वे मिट्टी के ऐसे घरों में रहते हैं जिनमें ठीक से दरवाजे या खिड़कियां तक नहीं हैं. इनके घरों पर लगे पतले पर्दे नाममात्र की ही सुरक्षा देते हैं. उन्हें खाना पकाने के लिए अक्सर कागज जलाना पड़ता है क्योंकि वे जलावन की लकड़ी नहीं खरीद सकते. कई बार तो बच्चे भूखे ही सो जाते हैं. इन 58 में से बहुत से बच्चे नंगे पैर चलते हैं क्योंकि परिवार के पास उनके लिए जूते खरीदने के पैसे नहीं हैं.

सादिक ने बताया कि वह एक कार डीलरशिप में काम करते हैं, जहां उन्हें हर कार बेचने पर 1,000 अफगानी मिलते हैं. भारतीय करेंसी में लगभग 1450 रुपए. पूरे परिवार की आय का यही एकमात्र जरिया है, जिसकी वजह से उन्हें अपने बच्चों के लिए भोजन और अन्य ज़रूरी चीज़ें जुटाने में काफी संघर्ष करना पड़ता है.

यह भी पढ़ें | धरती पर सबसे पहले कौन सा फल उगा था? जानिए सबसे पुराने फल का नाम

बच्चों के नाम भी याद नहीं रहते

बीबीसी के साथ एक इंटरव्यू में सादिक ने माना कि उन्हें अपने सभी बच्चों के नाम याद नहीं हैं. वजह वही है जो आप सोच रहे हैं- बच्चों की संख्या बहुत ज्यादा है. उन्होंने कहा कि मुझे उन सभी के नाम याद नहीं रहते. ज्यादातर समय, मैं उन्हें बस बेटा या बच्चा कहकर बुलाता हूं, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे हैं.

सादिक ने बताया कि उनकी चारों पत्नियों की शादी बहुत कम उम्र में हो गई थी. बाल विवाह एक ऐसी प्रथा है जो अफगानिस्तान में आज भी चिंता का विषय बनी हुई है, विकराल रुप लिए हुए है. उन्होंने यह भी बताया कि उनके कई बच्चों की कम उम्र में ही मौत हो गई थी. उन्होंने कुछ मौतों की वजह ये बताई कि माताओं को बच्चों की देखभाल का अनुभव कम था.

यह भी पढ़ें | एक ही गुफा में ठसाठस भरे मिले एक लाख से ज्यादा सांप, वैज्ञानिकों ने बताई इसकी हैरान करने वाली वजह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral News, Afghanistan, Afghan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com