विज्ञापन

'बंदूक के शहर' में अब बनेगा 'डिफेंस कॉरिडोर', सम्राट चौधरी बोले- उग्रवाद मुक्त बिहार बनेगा औद्योगिक हब

सम्राट चौधरी ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि बिहार पुलिस ने राज्य के आखिरी उग्रवादी तक को सलाखों के पीछे भेज दिया है. उग्रवाद के खात्मे के बाद अब सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों को आर्थिक केंद्रों में तब्दील करना है.

'बंदूक के शहर' में अब बनेगा 'डिफेंस कॉरिडोर', सम्राट चौधरी बोले- उग्रवाद मुक्त बिहार बनेगा औद्योगिक हब
  • बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में डिफेंस कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है
  • सम्राट चौधरी ने अपराधियों की तुलना कचरे से करते हुए कानून तोड़ने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
  • उन्होंने बिहार पुलिस की सफलता का जिक्र किया कि राज्य के आखिरी उग्रवादी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है
मुंगेर (बिहार):

बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी अपने दो दिवसीय मुंगेर दौरे के दूसरे दिन रविवार को तारापुर विधानसभा के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित मिल्की पहुंचे. इस दौरान उन्होंने हजारों की संख्या में मौजूद जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना. इसके बाद जनता को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बिहार और मुंगेर के विकास का खाका खींचने के साथ-साथ अपराधियों और विरोधियों पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने घोषणा की कि मुंगेर में एक 'डिफेंस कॉरिडोर' का निर्माण कराया जाएगा.

सम्राट चौधरी ने बिहार में बढ़ते पुलिसिया इकबाल का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों की स्थिति कचरे के समान हो गई है, जिसे चुन-चुनकर साफ किया जा रहा है. पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि अब तो हालत यह है कि पुलिस को देखते ही अच्छे-अच्छे लोग बीमार पड़ने लगते हैं. उन्होंने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों को या तो बीमार पड़ना पड़ेगा या फिर सलाखों के पीछे अपनी जगह बनानी होगी.

Latest and Breaking News on NDTV
विकास और तकनीक पर चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा में मौजूद लोगों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की महत्ता और इसकी विशेषताओं को साझा किया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि बिहार पुलिस ने राज्य के आखिरी उग्रवादी तक को सलाखों के पीछे भेज दिया है. उग्रवाद के खात्मे के बाद अब सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों को आर्थिक केंद्रों में तब्दील करना है. उन्होंने घोषणा की कि जिन जंगलों में कभी खौफ का साया था, अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों और मार्केट के रूप में विकसित किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: 'खैनी खाने की निंजा टेक्निक!' सम्राट चौधरी पर राजद-कांग्रेस ने ली चुटकी, सदन में क्‍या खा रहे थे डिप्‍टी CM?

मुंगेर के ऐतिहासिक महत्व और इसकी पुरानी पहचान 'बंदूक कारखाना' का उल्लेख करते हुए सम्राट चौधरी ने जिले के औद्योगिक कायाकल्प का भरोसा दिलाया. उन्होंने जानकारी दी कि मुंगेर को एक 'डिफेंस कॉरिडोर' के रूप में विकसित करने के लिए उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर ऑर्डिनेंस कॉरिडोर बनाने का मार्ग प्रशस्त कराया है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने मुंगेर जिलाधिकारी से जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि जिले को एक बड़ा औद्योगिक हब बनाया जा सके. इस मौके पर क्षेत्र के कई विधायक, वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी बोले, ‘हाथी भी पुलिस से डर रहा', पप्पू यादव ने ‘बंदर' से दिया जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Deputy Chief Minister Samrat Chaudhary, Munger Defence Corridor, Industrial Hub, Tarapur Assembly, Samrat Chaudhary News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com