- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचल दिया था
- हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए थे, जिनका इलाज चल रहा है
- मृतकों की पहचान देवेंद्र दूबे, संजय महतो, बहादुर महतो, भोला दूबे और छांगुर राम के रूप में हुई है
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसा एनएच-727 पर बेतिया-लौरिया मार्ग के बनकटवा के पास हुआ. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित शाही ट्रेवल्स की बस सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसी.
आर्केस्ट्रा देख हे लोगों को बस ने कुचला
जानकारी के अनुसार, बनकटवा में एक घर छठियार समारोह का आयोजन किया गया था. समारोह में शामिल लोगों के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था. सड़क किनारे पंडाल लगाकर डीजे और आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम कराया जा रहा था. इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई.
5 लोगों की मौत, मची चीख-पुकार
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों की पहचान देवेंद्र दूबे, संजय महतो, बहादुर महतो, भोला दूबे और छांगुर राम के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजने का प्रयास किया. सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
इलाके में शोक और तनाव का माहौल
पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया तथा सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच भेज दिया. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कई बसों के शीशे, पंडाल और कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
इनपुट- IANS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं