विज्ञापन
This Article is From Jul 24, 2017

सुशील मोदी पार्टी के 'खलनायक' हैं, इन्होंने पार्टी को 'कत्लगाह' बना दिया है : बीजेपी सांसद भोला सिंह

अपनी ही पार्टी के लिए मोर्चा खोलने के लिए मशहूर बिहार से बीजेपी सांसद भोला सिंह ने बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया है. उन्होंने सुशील मोदी को पार्टी का खलनायक बताया है.

सुशील मोदी पार्टी के 'खलनायक' हैं, इन्होंने पार्टी को 'कत्लगाह' बना दिया है : बीजेपी सांसद भोला सिंह
बीजेपी के बेगुसराय से सांसद डॉक्टर भोला सिंह ने सुशील मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए हैं (फाइल फोटो)
पटना: अपनी पार्टी के खिलाफ आए दिन बयान देने के लिए मशहूर बीजेपी सांसद भोला सिंह ने एक बार फिर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोला है. इस बार निशाने पर आए हैं पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी. भोला सिंह ने सुशील मोदी को पार्टी का खलनायक बताते हुए कहा कि वे ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भाजपा के साथ नहीं आने दे रहे हैं. उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा को नीतीश के लिए दरवाजा खोल देना चाहिए.

बिहार के बेगूसराय के सांसद भोला सिंह ने कहा, "बिहार की राजनीति के दुश्चक्र और दशा-दिशा का अगर कोई खलनायक है, तो वह स्वयं सुशील मोदी हैं. जिसे नायक होना चाहिए था, आज खलनायक है." 

VIDEO: बिहार में हार पर अमित शाह को सफाई देनी चाहिए : सांसद भोला सिंह

सांसद ने कहा कि सुशील मोदी खुद मुख्यमंत्री बनने के लिए बिहार को बदनाम करने में भी नहीं हिचकते. उन्होंने पार्टी को कत्लगाह बना दिया है. उन्होंने मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार भाजपा में खास वर्ग के लोगों को परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी में कुछ ऐसे लोग आ गए हैं, जिन्हें पार्टी से कोई मतलब ही नहीं है. 

भोला सिंह ने नीतीश की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार केशरी के बाद बड़ी मुश्किल से बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिसका अपना कोई परिवार नहीं है, जिसकी अपनी कोई दौलत नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा को नीतीश के आने के लिए दरवाजा खोल देना चाहिए. भाजपा ने अभी खिड़की खोली है, जिसे सुशील मोदी बंद कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें : 
भोला सिंह ने कहा- रिलायंस के लिए काम करती है सरकार
बीजेपी सांसद - पूरी पार्टी में कैंसर फैल चुका है, उसे निकालना बेहद जरूरी


अपनी ही पार्टी के सांसद के इस बयान पर बिहार भाजपा के नेता असहज नजर आ रहे हैं. भाजपा नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि ऐसे बयानों पर कार्रवाई के लिए पार्टी में अनुशासन समिति बनी है, वही निर्णय लेती है. 

भाजपा के प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने पार्टी सांसद के इस बयान पर आपत्ति जाहिर करते हुए कहा कि भोला सिंह अब बुजुर्ग हो चुके हैं. कई पार्टियों में भी रह चुके हैं. उनका बयान मगर आपत्तिजनक है. सुशील मोदी ने बिहार में भाजपा की साख को मजबूत किया है. अगर उनको तकलीफ है, तो पार्टी के उचित फोरम पर ऐसी बात रखनी चाहिए. ऐसे बयानों से पार्टी को नुकसान होता है.


(इनपुट आईएएनएस से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar BJP, Sushil Modi, MP Bhola Singh, BJP, Khalnayak
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com