विज्ञापन

बिहार: जहानाबाद में भाजपा नेता की चाची की पीट-पीटकर हत्या, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम पहुंची

बिहार के जहानाबाद में बेखौफ अपराधियों ने भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सतेंद्र सिंह की 70 वर्षीय चाची की घर में घुसकर पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस दिलदहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

बिहार: जहानाबाद में भाजपा नेता की चाची की पीट-पीटकर हत्या, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम पहुंची
बिहार में भाजपा नेता की चाची की घर में घुसकर पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी

Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले के कल्पा थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान स्वर्गीय शिवधारी सिंह की 70 वर्षीय पत्नी रामकुमारी देवी के रूप में हुई है, जो भाजपा के नेता सतेंद्र सिंह की चाची थीं. सतेंद्र सिंह फतवा विधानसभा क्षेत्र से दो बार (2015 में लोजपा और 2020 में भाजपा से) चुनाव लड़ चुके हैं, इन दोनों ही चुनाव में इनको हार का सामना करना पद था. वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य हैं.

सुबह कामवाली ने किया खुलासा

परिजनों के अनुसार रामकुमारी देवी की कोई संतान नहीं थी और वह इस बड़े घर में बिल्कुल अकेली रहती थीं. रविवार की सुबह जब रोज की तरह काम करने वाली महिला उनके घर पहुंची और काफी आवाज दी, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. मुख्य दरवाजा बंद देखकर अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद जब ग्रामीण छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. रामकुमारी देवी का खून से लथपथ शव उनके कमरे में पड़ा हुआ था. अपराधियों ने उनके सिर और चेहरे पर भारी चीज से ताबड़तोड़ वार करके उन्हें मौत के घाट उतार दिया था.

लूटपाट के विरोध पर हत्या का आरोप

परिजनों ने पुलिस के सामने सीधे तौर पर लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि मृतका ने हाल ही में अपनी धान की फसल बेची थी और उसकी एक मोटी रकम घर में ही रखी हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को इस नकदी की भनक लग गई थी. अपराधियों ने देर रात घर में धावा बोला और जब वृद्धा ने लूटपाट का विरोध किया, तो उन्हें तड़पा-तड़पा कर मार डाला गया.

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. मामले की बारीकी से जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विभाग और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी घटना स्थल पर बुलाया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि अज्ञात बदमाशों द्वारा एक विधवा महिला की हत्या की गई है और पुलिस हर पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें- नागौर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और कार की टक्कर में 4 की मौत, 4 गंभीर घायल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com