बिहार की बेगूसराय पुलिस ने एक ऐसे म्यूल अकाउंट का खुलासा किया है, जिसके जरिए देशभर में ठगी को अंजाम दिया जा रहा था. इस खाताधारक ने बैंक अकाउंट साइबर ठगों को बेच दिया था. जब पुलिस आरोपी तक पहुंची तो पता चला कि म्यूल अकाउंट के जरिए 15 करोड़ रुपये से ज्यादा फर्जी लेन-देन किया गया था. आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना है.
देशभर से मिला अलर्ट
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब स्टेट बैंक के एक संदिग्ध खाते पर देशभर से मिल रही शिकायतों का अलर्ट मिला. बेगूसराय साइबर पुलिस ने बैंक खाते की जांच-पड़ताल शुरू की. जांच में सामने आया कि खाते में जमा और ट्रांसफर की गई कुल रकम 15 करोड़ 25 लाख 35 हजार 307 रुपये तक है. इस अकेले खाते में विभिन्न राज्यों के सैकड़ों लोगों से ठगी की रकम ट्रांसफर की जा रही थी.

आरोपी सुनील कुमार पुलिस हिरासत में है.
पुलिस ने कई ठिकानों पर की छापेमारी
डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि साइबर ठग अपनी पहचान छिपाने और अवैध रूप से कमाए पैसे को ठिकाने लगाने के इस म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करते थे. इस बैंक खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 205 गंभीर शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस को पिछले कई दिनों से आरोपी की तलाश थी और कई ठिकानों पर छापेमारी की गई.
आरोपी ने साइबर सिंडिकेट के कई राज उगले
सुनील कुमार ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने साइबर अपराधियों के सिंडिकेट को यह अकाउंट बेचा था. इसके बदले में 3 लाख 75 हजार रुपये लिए थे. सुनील ने गिरोह से जुड़े 3 नामों का भी खुलासा किया है. आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ेंः बिहार: वंदे भारत एक्सप्रेस सहित 3 ट्रेनों में पथराव, कोच के शीशे टूटे; बाल-बाल बचे यात्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं