- बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने दाखिल किया नामांकन.
- दसवीं पास है बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक. सोने की चेन और अंगूठी पहनते हैं. कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है.
- बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है बांकीपुर विधानसभा सीट.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया. नामांकन में दी गई जानकारी के मुताबिक अभिषेक दसवीं पास हैं और वह 19 लाख 60 हजार 216 रुपए के मालिक हैं, वहीं उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के पास 9 लाख 92 हजार 476 रुपए की संपत्ति है. अभिषेक पर 10 लाख रुपए का कर्ज भी है. उनके पास 70 हजार रुपए नकद है. बांकीपुर सीट बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी. ऐसे में इस सीट पर हो रहा उपचुनाव हाईप्रोफाइल बन चुका है. यहां से जनसुराज के प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में हैं.
सोने की चेन पहनते हैं अभिषेक
अभिषेक ने बिहार बोर्ड से दसवीं की परीक्षा पास की है. उन्होंने बताया है कि चौधरी संस्कृत सेकेंड्री स्कूल थाथोपुर दरभंगा से साल 2000 में दसवीं की परीक्षा दी थी. इसके बाद उन्होंने कोई पढ़ाई नहीं की थी. उनके पास 2018 में खरीदी हुई एक होंडा कार है. पिछले साल एक मोटरसाइकिल खरीदी है. 5 ग्राम सोने की चेन है, जिसकी कीमत 66 हजार है और 6 ग्राम सोने की अंगूठी है जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए है. उनकी पत्नी के पास 32 ग्राम सोने के जेवर हैं, जिसकी कीमत 4 लाख 24 हजार है और 400 ग्राम चांदी के जेवर हैं, जिसकी कीमत 98 हजार रुपए हैं. अभिषेक और उनकी पत्नी ने कई बीमा पॉलिसी में निवेश किया हुआ है. अभिषेक पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है.
ये भी पढ़ेः कौन हैं अभिषेक कुमार, जिन्हें बीजेपी ने नितिन नवीन की सीट बांकीपुर से बनाया उम्मीदवार
ऐसा है अभिषेक का राजनीतिक सफर
अभिषेक करीब 26 सालों से बीजेपी से जुड़े हैं. 1999 में वे भाजपा से जुड़े थे. 2013 में पहली बार मंडल अध्यक्ष बने. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कृष्णा मंडल की जिम्मेदारी उन्हें मिली थी. 2020 में उन्हें युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. इस दौरान उन्होंने युवाओं को पार्टी से जोड़ा. 2023 में उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के गौतम बुद्ध मंडल का प्रभारी बनाया गया. साथ ही युवा मोर्चा की नई टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी दिया गया था. वे लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. पार्टी उनके सहारे युवा और सामान्य कार्यकर्ता के नैरेटिव पर चुनाव लड़ना चाहती है.
हाई प्रोफाइल सीट है बांकीपुर
बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव हाईप्रोफाइल है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हुई है. ऐसे में उपचुनाव में बीजेपी ने नितिन नवीन के करीबी माने जाने वाले अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है. जो पहले चुनावों में नितिन नवीन का कामकाज देख चुके हैं. बीजेपी उम्मीदवार होने के नाते उन्हें सहयोगी दल जेडीयू का भी समर्थन हासिल है.
वहीं इस सीट से जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं. ऐसे में सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है. बांकीपुर सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है. नितिन नवीन यहां से लगातार जीत हासिल करते रहे हैं. जिससे इस सीट पर भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है.
ये भी पढ़ेंः 'मैंने जानबूझकर चुनी बांकीपुर सीट', NDTV से बोले प्रशांत किशोर, कहा- यह सम्राट सरकार का लिटमस टेस्ट होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं