विज्ञापन

Bihar: प्रेमी युगल को लेकर देर रात हुई पंचायत, कुछ घंटे बाद दोनों की आम के बगीचे में मिली लाश

घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग में आत्महत्या बता रहे हैं, तो कुछ ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं. (बगहा से बिंदेश्वर कुमार की रिपोर्ट)

Bihar: प्रेमी युगल को लेकर देर रात हुई पंचायत, कुछ घंटे बाद दोनों की आम के बगीचे में मिली लाश
Bihar News:

बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के बगहा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नगर थाना क्षेत्र में बुधवार (22 अप्रैल) सुबह एक प्रेमी युगल का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और शादी को लेकर देर रात तक पंचायत भी चली थी. इसके कुछ घंटों बाद ही दोनों के शव मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है. पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पुलिस आत्महत्या, ऑनर किलिंग या साजिश सभी पहलुओं से जांच में जुटी है.

प्रेम संबंध और शादी को लेकर देर रात पंचायत

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन परिवारों की ओर से इस रिश्ते को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी. बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें मामला सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. पंचायत खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही बुधवार सुबह दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है. इसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

आत्महत्या- ऑनर किलिंग या हत्या सभी एंगल से जांच

घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग में आत्महत्या बता रहे हैं, तो कुछ ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं. वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों की हत्या कर शव को पेड़ से लटका तो नहीं दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है, इसलिए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

सुसाइड नोट और गवाह नहीं होने से रहस्य गहराया

घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी सामने नहीं आया है. दोनों परिवारों की ओर से भी अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इस वजह से मामला और भी रहस्यमय हो गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

FSL टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस के साथ बगहा SDPO कुमार देवेंद्र भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया, जहां टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया.

बगहा SDPO कुमार देवेंद्र ने बताया कि मामला पहली नजर में संदिग्ध लग रहा है, इसलिए आत्महत्या, ऑनर किलिंग और हत्या तीनों पहलुओं से जांच की जा रही है. मृतकों की पहचान कर ली गई है और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पायेगा.

यह भी पढ़ेंः बिहार: चंद पल में मातम में बदल गईं शादी की खुशियां, बहन को लाने जा रहे 2 भाइयों की दर्दनाक हादसे में मौत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com