विज्ञापन

अनंत सिंह की बेटी की शादी पर घुड़दौड़ की प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगी थार; कई स्टार्स का होगा स्टेजशो

बिहार के बाहुबली नेता और 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. उनकी बेटी की शादी है. शादी से पहले ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है.

अनंत सिंह की बेटी की शादी पर घुड़दौड़ की प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगी थार; कई स्टार्स का होगा स्टेजशो
  • बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी समारोह में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है.
  • प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है.
  • पहले स्थान पर आने वाले विजेता को थार गाड़ी प्रदान की जाएगी.

बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से प्रसिद्ध बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि इस बार उनके चर्चा में आने की वजह कोई राजनीतिक कारण नहीं, बल्कि उनकी बेटी की शादी है. बेटी के विवाह समारोह को खास बनाने के लिए भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी इलाके में जमकर चर्चा हो रही है. इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक इनाम भी घोषित किए गए हैं. रेस में पहला स्थान हासिल करने वाले विजेता को थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी.

पैतृक गांव नदावां पहुंचे अनंत सिंह

मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपने पैतृक गांव नदावां पहुंचे. उनके आगमन पर बड़ी संख्या में समर्थक स्वागत के लिए मौजूद रहे. गांव पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले प्रस्तावित घुड़दौड़ प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी ली और इसके लिए बनाए गए मैदान का निरीक्षण भी किया. इसके बाद अनंत सिंह काफी देर तक अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ घर के बाहर बैठे रहे. इस दौरान उनसे मिलने वालों का लगातार तांता लगा रहा. उनके समर्थकों ने बताया कि शादी समारोह में बिहार समेत देशभर के कई नामी कलाकार शामिल होंगे.

जानकारी के मुताबिक, फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह, प्रसिद्ध गायक गुंजन सिंह, पार्श्व गायक उदित नारायण समेत कई भोजपुरी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे. बताया जाता है कि अनंत सिंह और सोनू सूद के बीच करीबी संबंध रहे हैं. बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सोनू सूद के राज्य पहुंचने पर अनंत सिंह ने उनके लिए अपनी गाड़ी भी उपलब्ध कराई थी. दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनमें अनंत सिंह सोनू सूद को अपने घर आने का निमंत्रण देते नजर आए थे.

10 बीघा में बनेगा पंडाल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघा क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं. गांव में विशाल टेंट, पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है. समारोह की सजावट को भव्य रूप देने के लिए विदेशों से विशेष फूल मंगाने की तैयारी भी की जा रही है. मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए अलग से बड़े मैदान में व्यवस्था की जा रही है. शादी में बड़ी संख्या में अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर हर छोटी-बड़ी सुविधा का खास ध्यान रखा जा रहा है. कुल मिलाकर, अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को शाही अंदाज में आयोजित करने की तैयारी में जुटे हुए हैं.

ये भी पढ़ें : बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं... सम्राट चौधरी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh BIhar, Anant Singh News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com