- TVS Raider 125 का Doctor Doom Edition लॉन्च
- Marvel थीम के साथ मिला नया स्पोर्टी लुक
- 95,320 रुपये में मिलेगी नई Super Squad बाइक
TVS Motor Company ने भारत में अपनी लोकप्रिय Raider 125 का नया Doctor Doom Edition लॉन्च कर दिया है. यह बाइक Marvel Comics के मशहूर विलेन Doctor Doom से प्रेरित है और कंपनी की Super Squad Edition (SSE) सीरीज का नया मॉडल है. इससे पहले TVS Raider 125 के Iron Man, Black Panther, Deadpool और Wolverine थीम वाले एडिशन भी बाजार में आ चुके हैं. नया Doctor Doom Edition खासतौर पर युवा राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें नया कलर थीम, स्पोर्टी ग्राफिक्स और कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं.
Doctor Doom थीम में मिलेगा नया डिजाइन
TVS Raider 125 Doctor Doom Edition को खास Doomsday Green कलर थीम में पेश किया गया है. बाइक पर डार्क ग्रीन, लाइट ग्रीन, फ्लोरोसेंट ग्रीन, ब्लैक, ग्रे और व्हाइट रंगों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसे अलग और आकर्षक लुक मिलता है.
फ्यूल टैंक के दोनों ओर Doctor Doom के मास्क की ग्राफिक्स दी गई हैं. इसके अलावा पूरी बाइक पर स्ट्राइप-आधारित स्पोर्टी लिवरी दी गई है, जिसमें व्हाइट एक्सेंट्स भी शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि यह एडिशन Marvel के लोकप्रिय किरदारों को पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है. TVS ने इस एडिशन की पहली झलक फिल्म Spider-Man: Brand New Day की स्क्रीनिंग के दौरान चुनिंदा सिनेमाघरों में पोस्ट-क्रेडिट सीक्वेंस के बाद दिखाई थी.
इंजन और परफॉर्मेंस
TVS Raider Doctor Doom Edition में 124.8cc, Air & Oil Cooled, सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है. यह इंजन 11.38 PS की पावर और 11.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. बाइक में iGO असिस्ट टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिसकी मदद से टॉर्क बढ़कर 11.75 Nm तक पहुंच जाता है. इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है. कंपनी के अनुसार Raider 125 सिर्फ 5.8 सेकंड में 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है.
ये भी पढ़ें: अब ये लग्जरी कार ब्रांड करेगा छंटनी! 8000 लोगों की एक झटके में जाएगी जॉब, रिपोर्ट में हैरान कर देने वाला दावा
मिलेंगे कई एडवांस फीचर्स
TVS Raider Doctor Doom Edition में रिवर्स मल्टीकलर LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 85 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स को सपोर्ट करता है. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, लो फ्यूल अलर्ट, कॉल अलर्ट, मैसेज नोटिफिकेशन और ऐप नोटिफिकेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं. इसके अलावा राइडर वॉयस कमांड के जरिए कई फीचर्स का इस्तेमाल कर सकता है. कॉल एक्सेप्ट या रिजेक्ट करने की सुविधा भी इसमें दी गई है.
बाइक में LED हेडलाइट, LED टेललाइट, iGO Assist, 10 लीटर का फ्यूल टैंक, Glide Through Traffic (GTT), Silent Start with ISG और इको, पावर व बूस्ट पावर मोड जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
सेफ्टी और हार्डवेयर
Doctor Doom Edition में आगे और पीछे 17 इंच के Alloy Wheels दिए गए हैं. इनमें आगे 90/90 और पीछे 110/80 साइज के ट्यूबलेस टायर लगाए गए हैं. बाइक में आगे 240mm Rotopetal Disc Brake मिलता है. इसके साथ Synchronized Braking Technology (SBT) और Side Stand Engine Cut-Off जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं.
कीमत और उपलब्धता
TVS Raider 125 Doctor Doom Edition को भारत में एक ही वैरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 95,320 रुपये रखी गई है. ये नया एडिशन TVS की Super Squad Edition रेंज का हिस्सा है, जिसमें पहले से Iron Man, Black Panther, Deadpool और Wolverine थीम वाले मॉडल शामिल हैं. अब Doctor Doom Edition के आने के बाद ग्राहकों के पास अपनी पसंद के Marvel किरदार के आधार पर बाइक चुनने का एक और ऑप्शन होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं