दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से भारी बारिश हो रही है. बारिश के बाद सबसे बुरा हाल गुरुग्राम शहर का हो गया. गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव हो गया. कई सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है. गुरुग्राम में कई स्कूल बसें भी जलभराव के बीच फंस गईं. इस दौरान बसों के भीतर बच्चे भी मौजूद थे. कई बच्चे पानी में उतरकर बाहर निकले, वहीं कुछ बसों में बैठे रहे.
गुरुग्राम में सड़क पर फंसीं स्कूल बसें
भारी बारिश के बाद गुरुग्राम के सेक्टर 47 में रेल विहार के पास और सुभाष चौक सहित कुछ जगहों पर स्कूल बसें कई घंटों तक फंसी रहीं. इसे लेकर बच्चे और उनके पेरेंट्स परेशान रहे.

कुछ इस तरह जलभराव में फंसी रहीं कई स्कूल बसें
Photo Credit: PTI
एक्स पर एक यूजर ने कहा कि उनका बच्चा चार घंटे से ज्यादा समय से बस में फंसा हुआ था, जबकि एक अन्य ने अधिकारियों की आलोचना की और सिस्टम में बड़े बदलाव की मांग की. एक तीसरे यूजर ने कहा कि लोग सालों से शहर में जलजमाव की समस्या के बारे में बताते रहे हैं, लेकिन 'कुछ भी नहीं बदला है'.
VIDEO | Gurugram: School buses carrying children stranded on waterlogged roads.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 24, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/3IhUxBKve6
वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लासेस लागू
इतना ही नहीं दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर एम्बुलेंस भी फंस गईं. इस बीच गुरुग्राम प्रशासन ने कल कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम और स्कूलों में ऑनलाइन क्लास चलाने का आदेश दिया. डिप्टी कमिश्नर और डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन उत्तम सिंह ने कहा कि कॉर्पोरेट और प्राइवेट ऑफिस के लिए घर से काम करने की सलाह 25 अगस्त को भी लागू रहेगी.
इसके बाद प्रशासन ने एडवाइजरी में बदलाव करते हुए जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को मंगलवार को ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्देश दिया. इसके पीछे छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा और जलजमाव के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका का हवाला दिया गया.

गुरुग्राम में बारिश के बाद स्कूल बसों में फंसे बच्चे
Photo Credit: PTI
इन इलाकों में भी जलभराव
भारी बारिश के चलते नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक और पुराने गुरुग्राम के कई इलाकों में जलजमाव हो गया. राजीव चौक के आसपास गाड़ियां पानी में फंसी रहीं, जबकि सोहना रोड पर भी स्कूल बसें और एम्बुलेंस जलजमाव में फंस गईं.
जिला प्रशासन ने बताया कि गुरुग्राम में दोपहर 1.30 बजे तक 70 मिमी बारिश हुई. राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड उन इलाकों में शामिल थे जो बुरी तरह प्रभावित हुए. नाहरपुर अंडरपास में भी पानी भर गया.

ट्रैफिक पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि दोपहर में सिरहौल बॉर्डर, राजीव चौक, नरसिंहपुर और कुछ अन्य जगहों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही. उन्होंने कहा कि स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया.
साइबर हब के पास गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ. शीतला माता रोड भी सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल रहा. इस सड़क पर मॉनसून में अक्सर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है.

बारिश के दौरान नगर निगम के अधिकारी मौके पर सक्रिय रहे, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त यश जालुका ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के साथ जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं