विज्ञापन

नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से अफरा-तफरी, करीब 40 लोग अस्पताल में भर्ती, इलाके में प्रवेश प्रतिबंधित

नागपुर के गोधानी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ. तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स ने कार्रवाई करते हुए रिसाव को रोक दिया और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. हालांकि करीब 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है.

नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से अफरा-तफरी, करीब 40 लोग अस्पताल में भर्ती, इलाके में प्रवेश प्रतिबंधित
नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से अफरा-तफरी मच गई है.
नागपुर:

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में क्लोरीन गैस के रिसाव से अफरा-तफरी का माहौल मच गया है. गैस रिसाव के कारण इलाके के कई लोगों की तबीयत खराब हुई. जिन्हें अस्तपाल में भर्ती करवाया गया है. मिली जानकारी के अनुसार नागपुर के गोधानी इलाके में क्लोरीन गैस के रिसाव के बाद करीब 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबरों के अनुसार, यह रिसाव गोधानी नगर पंचायत के पानी शुद्धिकरण प्लांट में हुआ, जिससे कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई. इससे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में काम करने वाले करीब 8-10 कर्मचारी और 20-25 स्थानीय निवासी इससे प्रभावित हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

बीमार पड़े 4-5 लोग ICU में भर्ती

गैस रिसाव के कारण बीमार पड़े चार से पांच लोग ICU में हैं, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है. फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव व सुरक्षा अभियान चला रही हैं. अधिकारी एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाके से निवासियों को बाहर निकालने का काम भी कर रहे हैं. अधिकारी अभी भी प्रभावित लोगों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं.

गोधानी इलाके में सुबह 11 बजे तक इलाके में पाबंदी

मिली जानकारी के अनुसार देर रात 12:15 बजे नागपुर के गोधानी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ. तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स ने कार्रवाई करते हुए रिसाव को रोक दिया और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर, लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्लांट के 200 मीटर के दायरे में न जाएं, जिसमें नागमंदिर टेकरी इलाके के पास फागो पाटिल लेआउट भी शामिल है.

निवासियों को सोमवार सुबह 11:00 बजे तक इस प्रतिबंधित इलाके में जाने या यहां से गुजरने से बचना चाहिए. नागपुर शहर की पुलिस ने लोगों से शांत रहने, अफवाहें न फैलाने और सुरक्षा संबंधी आधिकारिक सलाह का सख्ती से पालन करने की अपील की है.

पुलिस अधिकारी ने बताया- अब स्थिति नियंत्रण में

नागपुर के मानकपुर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर हरेश कलशेकर ने कहा, "गोधानी नगर क्षेत्र में एक जलशुद्धिकरण केंद्र है, उसमें रात करीब एक बजे क्लोरीन गैस के लीक होने की सूचना मिली. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. कई लोगों को अस्पताल भेजा गया है...रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है. अभी 40 लोगों का इलाज चल रहा है...स्थिति नियंत्रण में है."

यह भी पढ़ें - मुंबई से सटे वसई में क्लोरीन गैस लीक से एक की मौत, 5 दमकलकर्मी सहित 18 लोगों की हालत बिगड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nagpur, Gas Leak, Gas Leak Accident, Chlorine Gas Leak, Chlorine Gas Leak Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com